पलवल में 5 किलोमीटर लंबे तिरंगे के साथ निकली ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा, गोल्डन बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हरियाणा के पलवल में एक अनोखा कीर्तिमान स्थापित हुआ है। यहाँ 5 किलोमीटर लंबे और 10 फीट चौड़े तिरंगे के साथ निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा ने इतिहास रच दिया है।

स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले हरियाणा के पलवल में देश भक्ति का एक अद्भुत और विराट नजारा देखने को मिला। पलवल में 5 किलोमीटर लंबी और 10 फीट चौड़ी विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसे गोल्डन बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। इस ऐतिहासिक आयोजन का शुभारंभ खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने किया।
यह यात्रा जिला पुलिस लाइन पलवल से शुरू होकर राष्ट्रीय राजमार्ग-19 से होते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में संपन्न हुई। यात्रा के दौरान हजारों की संख्या में लोगों ने इस विशाल तिरंगे को थामकर भारत माता का जयघोष किया और ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाए।

जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
सुबह शुरू हुई यह यात्रा जैसे-जैसे शहर के विभिन्न मार्गों से आगे बढ़ी, वैसे-वैसे जनसैलाब भी बढ़ता गया। सड़क के दोनों ओर हाथों में तिरंगा लिए खड़े नागरिकों और देशभक्ति गीतों की गूँज ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
इस यात्रा का शहर में करीब 20 स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। कहीं पुष्पवर्षा तो कहीं ढोल-नगाड़ों के साथ लोगों ने इसका अभिनंदन किया। इस आयोजन में स्कूली बच्चों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और व्यापारियों समेत समाज के हर वर्ग ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम का बयान
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि पलवल की धरती पर तिरंगे की शान में ऐसा इतिहास रचा गया है, जिसे आने वाली पीढ़ियां सदियों तक याद रखेंगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने वाला एक विराट जन-आंदोलन है।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री जगदीश नायर, भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैसला, हरेंद्र पाल राणा, हरित बैसला और उपायुक्त जयंत सिंह छिल्लर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।




