मनोरंजन

पलाश मुच्छल ने विद्यान माने के खिलाफ दायर किया ₹10 करोड़ का मानहानि केस

फिल्ममेकर और म्यूज़िक कंपोज़र पलाश मुच्छल ने मराठी अभिनेता-निर्माता विद्यान माने के खिलाफ ₹10 करोड़ का मानहानि का मुकदमा दायर किया है। माने पर आरोप है कि उन्होंने सार्वजनिक रूप से पलाश मुच्छल पर धोखाधड़ी और ठगी के आरोप लगाए, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा।

खबरों के मुताबिक, विद्यान माने ने महाराष्ट्र के सांगली जिले में पुलिस से संपर्क कर दावा किया था कि पलाश मुच्छल ने एक अधूरी फिल्म परियोजना के नाम पर उनसे ₹40 लाख की ठगी की। इसके अलावा माने ने पलाश के निजी जीवन से जुड़े कुछ आरोप भी लगाए थे। हालांकि, इस मामले में अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

इन आरोपों पर पलाश मुच्छल ने साफ तौर पर इनकार किया है। उन्होंने सभी आरोपों को झूठा, निराधार और मानहानिकारक बताया। पलाश ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि उनके वकील श्रेयांश मिथारे ने विद्यान माने को ₹10 करोड़ का कानूनी नोटिस भेजा है। यह मामला मीडिया में काफी चर्चा में है, खासकर इसलिए क्योंकि हाल ही में पलाश मुच्छल और भारतीय क्रिकेटर स्मृति मंधाना की शादी रद्द होने की खबरें भी सुर्खियों में रही हैं।

उधर, विद्यान माने की ओर से कहा गया है कि वह जल्द ही सांगली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना पक्ष रखेंगे। ऐसे में आने वाले दिनों में यह मामला कानूनी और सार्वजनिक दोनों स्तरों पर और तूल पकड़ सकता है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button