जम्मू-कश्मीर में एलओसी पर पाकिस्तानी फायरिंग का कहर, लगातार 12वें दिन सीजफायर का उल्लंघन

22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। इसी बीच पाकिस्तान ने एलओसी पर लगातार 12वीं रात सीजफायर का उल्लंघन किया। बीती रात पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर के आठ सेक्टर्स में अकारण गोलीबारी की, जिसका भारतीय सेना ने सख्त जवाब दिया।
रक्षा प्रवक्ता के मुताबिक, 5-6 मई की रात बारामुला, कुपवाड़ा, पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर इलाकों में पाकिस्तानी फायरिंग हुई। इससे पांच जिले—कुपवाड़ा, बारामूला, पुंछ, राजौरी और जम्मू—प्रभावित हुए हैं। सांबा और कठुआ जिलों में फिलहाल शांति है।
यह फायरिंग फरवरी 2021 के संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन है, जो अब लगभग निष्प्रभावी होता दिख रहा है। इसी बीच पाक रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने दावा किया कि भारत एलओसी पर हमला कर सकता है और चेतावनी दी कि ऐसा हुआ तो करारा जवाब मिलेगा।
लगातार हो रही फायरिंग और भड़काऊ बयानबाज़ी से दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ने की आशंका है। अगर हालात नहीं संभले, तो यह टकराव दक्षिण एशिया की शांति के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।





