LoC पर पाक सेना की नापाक हरकत, भारतीय सैनिकों ने दिया मुंहतोड़ जवाब

26-27 अप्रैल की रात को पाकिस्तान सेना ने बिना उकसावे के नियंत्रण रेखा (LoC) पर छोटे हथियारों से फायरिंग की। भारतीय सेना ने रविवार को बताया कि यह फायरिंग तुतमारी गली और रामपुर सेक्टर के सामने वाले इलाकों में की गई। भारतीय सैनिकों ने भी इसका प्रभावी ढंग से जवाब दिया। सेना ने बयान में कहा, “26-27 अप्रैल 2025 की रात को पाकिस्तान सेना की चौकियों ने तुतमारी गली और रामपुर सेक्टर के सामने बिना किसी उकसावे के छोटे हथियारों से फायरिंग की। भारतीय सैनिकों ने उपयुक्त हथियारों से प्रभावी जवाब दिया।”
गौरतलब है कि हाल ही में 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी, जिनमें से अधिकांश पर्यटक थे। इस घटना के बाद से कश्मीर घाटी में सुरक्षा बलों ने आतंक विरोधी अभियानों को तेज कर दिया है।
इसी क्रम में, दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में पुलिस, सेना और सीआरपीएफ के संयुक्त अभियान में दो आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया। आधिकारिक बयान के अनुसार, मटाल्हामा चौक ठोकरपोरा, काइमोह में एक नियमित जांच के दौरान दो संदिग्धों को रोका गया और गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान बिलाल अहमद भट (पुत्र अब्दुल सलाम भट) और मोहम्मद इस्माइल भट (पुत्र गुलाम मोहम्मद भट), दोनों निवासी ठोकरपोरा, काइमोह, के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से दो पिस्तौल, दो पिस्टल मैगजीन और 25 राउंड पिस्तौल कारतूस बरामद किए गए।
इस संबंध में पुलिस स्टेशन काइमोह में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। इस बीच, अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि फहालगाम आतंकी हमले के एक संदिग्ध ज़ाकिर अहमद गनी के घर को सुरक्षा बलों और जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। ज़ाकिर गनी कुलगाम जिले के मटाल्हामा गांव का निवासी है और 2023 से सक्रिय बताया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, गनी के फहालगाम हमले में शामिल होने की आशंका है, जिसने देशभर में आक्रोश पैदा कर दिया है।





