AI साइंस-टेक्नोलॉजीविदेश

OpenAI का Apple पर पलटवार, ट्रेड सीक्रेट चोरी के आरोपों को नकारा, सबूत के तौर पर पब्लिश कीं इंटरनल चैट्स

Apple के कानूनी दावों को Open AI ने बताया 'लापरवाह और आक्रामक', पूर्व कर्मचारियों को लेकर छिड़ी बड़ी कानूनी जंग।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दिग्गज कंपनी OpenAI ने Apple द्वारा लगाए गए ट्रेड सीक्रेट चोरी के सभी आरोपों को मजबूती से खारिज कर दिया है।OpenAI ने ऐपल के इस मुकदमे को “लापरवाह, आक्रामक और अजीब तरह से व्यक्तिगत” करार दिया है। अपने दावों को साबित करने के लिए कंपनी ने आंतरिक ईमेल और चैट मैसेज भी सार्वजनिक कर दिए हैं।

क्या है पूरा मामला?

यह कानूनी विवाद तब शुरू हुआ जब ऐपल ने एक शुरुआती injunction (अस्थायी रोक) की मांग की। ऐपल चाहता था किOpenAI और उसके दो पूर्व कर्मचारियों को उन जानकारियों तक पहुँचने या उनका उपयोग करने से रोका जाए, जिन्हें आईफोन निर्माता कंपनी गोपनीय मानती है।

ओपनएआई का ब्लॉग पोस्ट

“Apple is getting this wrong” शीर्षक से जारी एक ब्लॉग पोस्ट में OpenAI ने कहा कि ऐपल का यह अनुरोध गलत जानकारी पर आधारित है। कंपनी ने साफ किया कि न तो वह ऐपल के ट्रेड सीक्रेट्स रखती है और न ही उसकी ऐसी कोई इच्छा है। इस मुकदमे के केंद्र में ऐपल के पूर्व कार्यकारी अधिकारी टैंग टैन (Tang Tan) और चांग लियू (Chang Liu) हैं, जो ऐपल छोड़ने के बाद ओपनएआई के हार्डवेयर डिवीजन से जुड़े हैं।

चैट्स और ईमेल से किया खंडन

OpenAI ने आरोप लगाया कि ऐपल ने इस मामले को सुलझाने की कोशिश के दौरान गलती से गलत कर्मचारी से संपर्क किया और झूठा दावा किया कि उसकी जनरल काउंसिल के साथ चर्चा हुई थी। इसके समर्थन में कंपनी ने इंटरनल ईमेल शेयर किए हैं, जिसमें उसकी कानूनी टीम ने इन दावों को खारिज किया है।

इसके अलावा,OpenAI ने ऐसे मैसेज भी जारी किए हैं जिनसे पता चलता है कि ऐपल के कर्मचारियों ने ही लियू के जाने के बाद फाइलें खोजने में उसकी मदद मांगी थी। कंपनी का तर्क है कि यह ऐपल की तरफ से सिस्टम एक्सेस रद्द करने की असफलता को दिखाता है, न कि पूर्व कर्मचारियों द्वारा किसी तरह के दुरुपयोग को। टैन के मामले में, ओपनएआई ने कहा कि उन्होंने अपनी टीम को हमेशा निर्देश दिए थे कि वे पिछले नियोक्ताओं की गोपनीय जानकारी का उपयोग न करें।

हार्डवेयर बाजार में विस्तार और विवाद

यह पूरा विवाद तब और गहरा गया जब OpenAI ने पूर्व ऐपल डिज़ाइन चीफ़ जॉनी आइवे (Jony Ive) के AI स्टार्टअप ‘io’ को 6.5 अरब डॉलर में खरीद लिया। इस अधिग्रहण के बाद जब OpenAI ने कंज्यूमर हार्डवेयर क्षेत्र में अपने कदम बढ़ाए, तो गोपनीय हार्डवेयर विकास जानकारी के कथित दुरुपयोग को लेकर ऐपल ने मुकदमा दायर कर दिया।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button