लोकसभा में पेश हुआ वन नेशन वन इलेक्शन बिल, पक्ष में पड़े 269 वोट

लोकसभा में पेश हुआ वन नेशन वन इलेक्शन बिल, पक्ष में पड़े 269 वोट
संसद के शीतकालीन सत्र के 17वें दिन केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने लोकसभा के पटल पर एक देश, एक चुनाव के लिए 129वां संविधान संशोधन बिल पेश किया। उन्होंने संघ राज्य क्षेत्र विधि (संशोधन) विधेयक, 2024 भी पेश किया।
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर संविधान (129वां संशोधन) विधेयक, 2024 पेश करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने संघ राज्य क्षेत्र विधि (संशोधन) विधेयक, 2024 भी पेश किया। pic.twitter.com/BOrFrR8F7j
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 17, 2024
एक देश, एक चुनाव बिल पेश होने के बाद सांसदों को इस पर बोलने का समय दिया गया। कई पार्टियों की आपत्ति के बाद बिल को दोबारा पेश करने को लेकर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग हुई। पक्ष में 220, विपक्ष में 149 वोट पड़े। स्पीकर ने कहा कि जिन सदस्यों को वोट बदलना हो, वे पर्ची ले लें। इसके बाद हुई काउंटिंग में पक्ष में 269 और विपक्ष में 198 मत पड़े। कानून मंत्री मेघवाल ने दोबारा बिल पेश किया।
अमित शाह ने सदन में कहा कि बिल जब कैबिनेट में आया था, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि इसे संयुक्त संसदीय समिति (JPC) को भेजना चाहिए। कानून मंत्री ऐसा प्रस्ताव कर सकते हैं।
इस बिल को लेकर भाजपा ने कहा कि इस विधेयक से देश का विकास तेजी से होगा, क्योंकि बार-बार चुनाव होने से व्यवस्था बिगड़ती है। BJP ने इसके चलते अपने सांसदों को व्हिप जारी किया था। उधर, विपक्ष ने इसका जबरदस्त विरोध किया है। कांग्रेस ने कहा कि ये संविधान के मूल ढांचे के खिलाफ है।





