NM वेरिफाइड

सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे के नाम पर वायरल हुआ पुराना वीडियो, जानें क्या है इसकी सच्चाई

दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 6 सितंबर 2026 को एक पांच मंजिला इमारत गिरने से सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग मलबे में फंस गए थे. हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान चलाया गया. पुलिस ने इमारत के मालिक हरिराम गुप्ता, उनकी पत्नी और बेटे को भी गिरफ्तार किया.

इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक इमारत अचानक गिरती हुई दिखाई दे रही है. यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो दिल्ली के सत्य निकेतन में हाल ही में हुई इमारत गिरने की घटना का है.

NM VERIFIED

न्यूज़मोबाइल ने इस दावे की पड़ताल की और पाया कि वायरल दावा भ्रामक है.

वायरल वीडियो के कुछ कीफ्रेम की रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें यही वीडियो इंडिया टुडे के आधिकारिक X अकाउंट पर मिला. यह वीडियो 3 जून 2026 को पोस्ट किया गया था. पोस्ट के मुताबिक, दिल्ली के करावल नगर इलाके में 3 जून की शाम एक चार मंजिला इमारत गिर गई थी.


इसके अलावा NDTV India ने भी 4 जून 2026 को यही वीडियो अपने YouTube चैनल पर शेयर किया था. इसमें बताया गया था कि वीडियो करावल नगर में गिरी चार मंजिला इमारत का है.

जांच के दौरान न्यूज़मोबाइल को Times Now और ETV Bharat की 4 जून 2026 की रिपोर्ट्स भी मिलीं, जिनमें यही वीडियो और घटना से जुड़ी जानकारी दी गई थी.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर स्थित प्रकाश विहार में एक चार मंजिला इमारत में दरारें आने के बाद उसे खाली करा लिया गया था. बताया गया कि पास में नाले के निर्माण और मरम्मत के लिए खुदाई का काम चल रहा था, जिसके बाद इमारत में दरारें आईं और वह झुकने लगी. बाद में इमारत पूरी तरह ढह गई.

दिल्ली पुलिस के डीसीपी राहुल अहलावत के मुताबिक, दरारें दिखाई देने के बाद इमारत को पहले ही खाली करा लिया गया था. इस वजह से इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं थी.

इससे साफ है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो सत्य निकेतन में 6 सितंबर को हुई इमारत गिरने की घटना का नहीं है. यह वीडियो जून 2026 में दिल्ली के करावल नगर में गिरी चार मंजिला इमारत का है.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button