रश्मिका मंदाना की शादी के बाद वायरल हुआ पुराना ऑडियो, एक्ट्रेस ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

मुंबई: अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने अभिनेता विजय देवरकोंडा से 26 फरवरी 2026 को शादी करने के कुछ दिन बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक ऑडियो क्लिप को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। यह ऑडियो क्लिप कथित तौर पर उनकी मां सुमन मंदाना का बताया जा रहा है, जिसमें रश्मिका की पुरानी सगाई और पारिवारिक मतभेदों की बात की जा रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह ऑडियो करीब आठ साल पुराने एक इंटरव्यू का हिस्सा बताया जा रहा है। इसमें सुमन मंदाना ने रश्मिका और अभिनेता रक्षित शेट्टी की सगाई के समय दोनों परिवारों के बीच हुए मतभेदों का जिक्र किया है। ऑडियो में यह भी कहा गया कि उस दौरान रश्मिका के करियर को लेकर कुछ दबाव बनाया गया था और शादी के बाद एक्टिंग छोड़ने की बात भी सामने आई थी।
इस ऑडियो के वायरल होने के बाद रश्मिका मंदाना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी करते हुए इसे उनकी निजी जिंदगी को लेकर विवाद खड़ा करने की कोशिश बताया। उन्होंने कहा कि बातचीत के एक छोटे से हिस्से को संदर्भ से हटाकर जानबूझकर फैलाया जा रहा है, ताकि उनकी निजी जिंदगी को लेकर गलत माहौल बनाया जा सके।
— Rashmika Mandanna (@iamRashmika) March 12, 2026
रश्मिका ने यह भी कहा कि यह उनकी निजता का उल्लंघन है। उन्होंने मीडिया प्लेटफॉर्म्स, इन्फ्लुएंसर्स और उन लोगों को चेतावनी दी है जो इस क्लिप को शेयर कर रहे हैं कि वे 24 घंटे के भीतर इसे हटा लें, वरना कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि रश्मिका मंदाना और रक्षित शेट्टी की मुलाकात 2016 की कन्नड़ फिल्म किरिक पार्टी के सेट पर हुई थी। दोनों ने 2017 में सगाई की थी, लेकिन 2018 में आपसी सहमति से अलग हो गए थे।
अपने बयान में रश्मिका ने कहा कि अब वह अपने परिवार और करीबियों को अनावश्यक विवाद और परेशानियों से बचाने के लिए चुप नहीं रहेंगी। वहीं, इन सबके बीच वह सोशल मीडिया पर अपनी शादी से जुड़ी तस्वीरें और पल भी साझा कर रही हैं और लोगों से उनकी निजी जिंदगी का सम्मान करने की अपील कर रही हैं।





