बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरुचा को स्पाइनल इंजरी, जानिए रीढ़ की हड्डी की चोट से उबरने में कितना लगता है समय
बॉलीवुड अभिनेत्री नुसरत भरुचा (Nusrrat Bharucha) को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। बाली में छुट्टी के दौरान एक दुर्घटना में उन्हें स्पाइनल फ्रैक्चर (Spine Fracture) हो गया है। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए एयर एम्बुलेंस के जरिए बाली से मुंबई लाया गया है, जहां एयरपोर्ट पर उन्हें स्ट्रेच पर देखा गया।
आइए स्पाइनल फ्रैक्चर से जुड़ी मेडिकल डिटेल्स और हवाई यात्रा के नियमों के बारे में विस्तार से जानते हैं।
कब पड़ती है स्पाइन फ्रैक्चर में सर्जरी की जरूरत?
केआईएमएस हॉस्पिटल्स, ठाणे के स्पाइन सर्जरी कंसलटेंट डॉ. जयेश भानुशाली के अनुसार, हर स्पाइनल फ्रैक्चर के लिए सर्जरी की जरूरत नहीं होती है। डॉक्टर यह देखते हैं कि फ्रैक्चर कहां हुआ है, उसका पैटर्न कैसा है और स्पाइन कितना अनस्टेबल है।
यदि फ्रैक्चर गंभीर है, रीढ़ की हड्डी पर दबाव पड़ रहा है, या न्यूरोलॉजिकल लक्षण जैसे कमजोरी, सुन्नपन या ब्लैडर कंट्रोल में परेशानी हो रही है, तब सर्जरी का फैसला लिया जाता है। सामान्य और स्थिर फ्रैक्चर को अक्सर दवाइयों, ब्रेसिंग और आराम से ठीक किया जा सकता है।
स्पाइनल इंजरी के बाद एयर एम्बुलेंस की क्यों होती है जरूरत?
गंभीर चोट लगने पर मरीज को एयर एम्बुलेंस से लाने के पीछे खास कारण होता है। डॉ. भानुशाली बताते हैं कि एयर एम्बुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल मरीज को रीढ़ की सुरक्षा (Spinal Precautions) और लगातार मेडिकल मॉनिटरिंग के साथ एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा सकता है।
इसमें मेडिकल स्टाफ, ऑक्सीजन और जरूरी उपकरण मौजूद रहते हैं। हालांकि, एयरलिफ्ट करने का फैसला तभी लिया जाता है जब मरीज की स्थिति स्थिर हो जाती है और डॉक्टर यात्रा को सुरक्षित मानते हैं।
स्पाइनल फ्रैक्चर के बाद कब कर सकते हैं हवाई यात्रा?
मरीज कब हवाई यात्रा कर सकता है, यह पूरी तरह से फ्रैक्चर के प्रकार, स्पाइन की स्थिरता और मरीज की ओवरऑल कंडीशन पर निर्भर करता है। गंभीर चोट के तुरंत बाद कमर्शियल उड़ानों से यात्रा करने से बचा जाता है।
सर्जरी के बाद यात्रा करना सुरक्षित है या नहीं, इसका फैसला ट्रीटिंग सर्जन मरीज की रिकवरी और ब्लड क्लॉट जैसे जोखिमों को देखकर करते हैं।
रिकवरी में कितना समय लगता है?
डॉक्टरों के मुताबिक, एक साधारण और स्थिर फ्रैक्चर को ठीक होने में लगभग 6 से 12 हफ्ते का समय लग सकता है। वहीं, जटिल मामलों और सर्जरी वाले मरीजों को पूरी तरह रिकवर होने में कई महीने लग सकते हैं। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि मरीज को पूरे समय बिस्तर पर रहना पड़े। स्पाइन स्थिर होने के बाद डॉक्टर की सलाह से शुरुआती फिजियोथेरेपी और चलना-फिरना शुरू किया जा सकता है।
(Disclaimer: यह लेख सार्वजनिक स्रोतों और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है। स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी समस्या या रूटीन को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें।)