NM Verified: गैस सिलेंडर की कमी के डर से लोगों के शहर छोड़ने का वायरल दावा झूठा

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ दिखाई दे रही है। दावा किया जा रहा है कि पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के बीच गैस सिलेंडर की कमी के कारण लोग शहर छोड़कर अपने गांव लौट रहे हैं, खासकर दिल्ली और सूरत जैसे शहरों का नाम लिया जा रहा है।

हालांकि, NewsMobile की जांच में यह दावा पूरी तरह से गलत पाया गया है।
जांच के दौरान वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया गया, जिससे पता चला कि यह वीडियो दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 में ही सोशल मीडिया पर पोस्ट किया जा चुका था। यानी यह वीडियो हाल के घटनाक्रम से जुड़ा हुआ नहीं है।

वीडियो को ध्यान से देखने पर कुछ साइनबोर्ड बंगाली भाषा में नजर आते हैं। एक बोर्ड पर “Exit Kona Expressway” भी लिखा दिखा। आगे की जांच में पता चला कि कोना एक्सप्रेसवे पश्चिम बंगाल के सांतारागाछी रेलवे स्टेशन के पास स्थित है।
इससे साफ होता है कि यह वीडियो सूरत का नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल के किसी इलाके का है।

इसके अलावा, सूरत या दिल्ली में गैस सिलेंडर की कमी या लोगों के पलायन की कोई विश्वसनीय खबर भी सामने नहीं आई है।





