NM Verified: फ्लाईओवर के नीचे तारों में लटकी कार का वीडियो फर्जी, जानें वायरल दावे की सच्चाई

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक कार फ्लाईओवर के नीचे बिजली के तारों के जाल में फंसी हुई हवा में लटकी दिखाई दे रही है। वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि एक अजीब हादसे में कार तारों के बीच फंस गई। कई न्यूज चैनलों और वेबसाइटों ने भी इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया है।

NM Verified
न्यूजमोबाइल की जांच में वायरल वीडियो का दावा गलत पाया गया। जांच से पता चला कि यह वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाया गया है।
दावे की सच्चाई जानने के लिए न्यूजमोबाइल की टीम ने सबसे पहले वीडियो के प्रमुख फ्रेम्स की रिवर्स इमेज सर्च की। हालांकि, इस दौरान ऐसा कोई भरोसेमंद परिणाम नहीं मिला, जिससे वीडियो की प्रामाणिकता साबित हो सके या घटना की पुष्टि हो।
इसके बाद टीम ने कीवर्ड सर्च के जरिए फ्लाईओवर के नीचे बिजली के तारों में कार फंसने जैसी किसी घटना से जुड़ी खबरें तलाश कीं। लेकिन किसी विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट में इस तरह के हादसे की पुष्टि नहीं हुई।
वीडियो को ध्यान से देखने पर भी कई गड़बड़ियां नजर आईं। कार तारों के बेहद उलझे हुए जाल में हवा में लटकी दिखाई देती है। यह स्थिति असामान्य लगती है। इसके अलावा, तारों की बनावट और कार के आसपास जमा लोगों का दृश्य भी अस्वाभाविक नजर आता है। इन बातों से वीडियो के AI से बनाए जाने का शक हुआ।
इसकी आगे जांच करने के लिए टीम ने AI से तैयार कंटेंट की पहचान करने वाले टूल Hive Moderation का इस्तेमाल किया। टूल के विश्लेषण में वीडियो के AI से बनाए जाने की संभावना 99.9 प्रतिशत से अधिक बताई गई।

निष्कर्ष: न्यूजमोबाइल की जांच में सामने आया कि फ्लाईओवर के नीचे बिजली के तारों में फंसी कार का वायरल वीडियो AI से बनाया गया है। इस वीडियो में दिखाई गई घटना के वास्तविक होने का कोई भरोसेमंद सबूत नहीं मिला। इसलिए वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा भ्रामक है।





