फ्लाईदुबई विमान घटना की जांच के लिए NIA ने लागू किया एंटी-हाइजैकिंग एक्ट, भारतीय पायलट स्मित मच्छर पर चाकू से हमले की भी जांच

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 30 सितंबर को सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में फ्लाईदुबई की फ्लाइट को हाईजैक करने की कथित कोशिश के मामले में जांच शुरू कर दी है। इस दौरान भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर पर चाकू से हमला किया गया था। हालांकि, उनकी सूझबूझ और यात्रियों व क्रू मेंबर्स की मदद से विमान को हाईजैक होने या क्रैश होने से बचा लिया गया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
NIA ने इस मामले में एंटी-हाइजैकिंग एक्ट, 2016 की धारा 6 और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। एजेंसी इस मामले में किसी बड़ी साजिश की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। गृह मंत्रालय (MHA) ने NIA को मामले की जांच करने का निर्देश दिया था।
NIA की ओर से शुक्रवार को दर्ज की गई एफआईआर के मुताबिक, फ्लाईदुबई की फ्लाइट संख्या 1073 ने 30 सितंबर को सुबह 7:05 बजे दुबई से उड़ान भरी थी। विमान में 174 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। सुबह करीब 9:21 बजे, जब विमान जॉर्डन और सऊदी अरब की सीमा के पास सऊदी हवाई क्षेत्र में था, तब उसकी दिशा में अचानक बदलाव हुआ और वह वापस सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र की ओर मुड़ गया।
एफआईआर के अनुसार, विमान के ओमानी फर्स्ट ऑफिसर हमाम अल-हमामी ने कथित तौर पर भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर पर चाकू से हमला किया। आरोप है कि यह विमान को हाईजैक करने या क्रैश कराने की कोशिश का हिस्सा था। हमले में कैप्टन मच्छर के सिर और हाथों पर गहरे घाव आए। हालांकि, यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने हमलावर को काबू कर लिया।
NIA का कहना है कि इस मामले में एक भारतीय नागरिक पर हमला किया गया है और विमान को हाईजैक करने या दुर्घटनाग्रस्त करने की कथित कोशिश की गई। घटना की गंभीरता और इसके राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रभावों को देखते हुए एजेंसी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी पायलट ने कथित तौर पर 11 सितंबर, 2001 को अमेरिका में हुए आतंकी हमलों जैसी घटना को अंजाम देने की योजना बनाई थी। हालांकि, इस दावे की जांच की जा रही है। भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर की बहादुरी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी सराहना की। वहीं, इजरायल ने उन्हें नागरिक बहादुरी के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार देने की घोषणा की है।
अधिकारियों के मुताबिक, NIA इस मामले की जांच में संयुक्त अरब अमीरात (UAE), सऊदी अरब और इजरायल के अधिकारियों के साथ-साथ फ्लाईदुबई से भी जानकारी और सहयोग लेगी। एजेंसी का उद्देश्य घटना के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाना है।