मुंबई CJP प्रदर्शन में बच्चों की मौजूदगी पर NHRC सख्त, पुलिस समेत 4 विभागों को नोटिस - News Mobile
भारत

मुंबई CJP प्रदर्शन में बच्चों की मौजूदगी पर NHRC सख्त, पुलिस समेत 4 विभागों को नोटिस

मुंबई के शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से आयोजित प्रदर्शन में नाबालिग बच्चों की कथित भागीदारी को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने इस मामले में मुंबई पुलिस कमिश्नर, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY), एक्स कॉर्प और महाराष्ट्र के महिला एवं बाल विकास विभाग को नोटिस जारी किया है।

NHRC ने सभी संबंधित विभागों से एक हफ्ते के भीतर कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने मुंबई पुलिस को यह जांच करने का निर्देश दिया है कि नाबालिग बच्चों को प्रदर्शन में कैसे लाया गया और उन्हें इसमें शामिल करने में आयोजकों की क्या भूमिका थी।

पुलिस को यह भी निर्देश दिया गया है कि अगर जांच में किसी संज्ञेय अपराध की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के तहत उचित कार्रवाई की जाए।

NHRC ने उन आरोपों की भी जांच करने को कहा है, जिनमें दावा किया गया है कि बच्चों को जानबूझकर प्रदर्शन में ऐसी जगह रखा गया था, ताकि पुलिस के लिए कार्रवाई करना मुश्किल हो। आयोग ने यह भी पता लगाने को कहा है कि इस मामले में किशोर न्याय कानून समेत बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों का कोई उल्लंघन तो नहीं हुआ।

आयोग ने एक्स कॉर्प से प्रदर्शन में बच्चों की मौजूदगी से जुड़े फोटो, वीडियो और सोशल मीडिया पर उपलब्ध अन्य सामग्री को सुरक्षित रखने को कहा है। साथ ही, इन पोस्ट और वीडियो के स्रोत और उनके प्रसार से जुड़ी जानकारी भी सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, महाराष्ट्र के महिला एवं बाल विकास विभाग को बच्चों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग को यह भी आकलन करने को कहा गया है कि बच्चों को किसी तरह की मदद या सुरक्षा की जरूरत है या नहीं और कानून के तहत उनके अधिकारों की रक्षा की जाए।

NHRC को दी जाने वाली रिपोर्ट में जांच की स्थिति, प्रदर्शन के आयोजकों की भूमिका, अगर कोई कानूनी उल्लंघन सामने आता है तो उस पर की गई कार्रवाई और बच्चों की सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देनी होगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button