लाहौर में न्यूजीलैंड का टॉस पर कब्जा, दक्षिण अफ्रीका करेगी गेंदबाजी

आईसीसी टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में आज न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका की टीमें आमने-सामने होंगी। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है, जबकि दक्षिण अफ्रीका पहले गेंदबाजी करेगी।
दक्षिण अफ्रीका ने अब तक टूर्नामेंट में अफगानिस्तान और इंग्लैंड को हराया है, जबकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनका मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। दूसरी ओर, न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान और बांग्लादेश पर जीत दर्ज की थी, लेकिन भारत के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
आईसीसी नॉकआउट मुकाबलों में अब तक दक्षिण अफ्रीका न्यूजीलैंड को नहीं हरा पाया है। दोनों टीमों के बीच वनडे टूर्नामेंट में 11 बार आमना-सामना हुआ है, जिसमें न्यूजीलैंड ने 7 बार और दक्षिण अफ्रीका ने 4 बार जीत दर्ज की है। चैंपियंस ट्रॉफी में दोनों टीमें एक-एक बार एक-दूसरे को हरा चुकी हैं।
दक्षिण अफ्रीका के संभावित प्लेइंग इलेवन में कप्तान तेम्बा बावुमा, रायन रिकलटन, रासी वान दर दुसें, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर और कगिसो रबाडा शामिल हैं। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम में केन विलियमसन, रचिन रविंद्र, डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, मिचेल सैंटनर और काइल जेमीसन जैसे खिलाड़ी मैदान में उतर सकते हैं।
लाहौर में होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में दोनों टीमें फाइनल में पहुंचने के लिए पूरी ताकत झोंकने को तैयार हैं।





