न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी ने 15 अगस्त को ‘इंडिया इंडिपेंडेंस डे’ घोषित किया

भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले अमेरिका के न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी राज्यों ने 15 अगस्त 2026 को ‘इंडिया इंडिपेंडेंस डे’ के रूप में घोषित किया है। दोनों राज्यों ने भारत और अमेरिका के मजबूत संबंधों के साथ-साथ भारतीय-अमेरिकी समुदाय के योगदान को भी मान्यता दी।
न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया पर दोनों घोषणाओं की जानकारी साझा की और न्यू जर्सी की गवर्नर मिकी शेरिल को इस सम्मान के लिए धन्यवाद दिया।
भारतीय-अमेरिकी समुदाय के योगदान को सराहा
न्यू जर्सी की घोषणा में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, शोध, तकनीक, कारोबार, सार्वजनिक सेवा और सामुदायिक नेतृत्व में योगदान को रेखांकित किया गया।
घोषणा में भारत और अमेरिका के बीच शिक्षा, व्यापार, तकनीक, स्वास्थ्य सेवा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के क्षेत्रों में बढ़ती साझेदारी का भी उल्लेख किया गया।
न्यूयॉर्क ने भी 15 अगस्त को दी मान्यता
न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होकुल ने भी राज्यभर में 15 अगस्त को इंडिया इंडिपेंडेंस डे घोषित किया। घोषणा में भारत की स्वतंत्रता की यात्रा और दोनों देशों के साझा लोकतांत्रिक मूल्यों को प्रमुखता दी गई।
इसमें न्यूयॉर्क के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक जीवन में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के योगदान की भी सराहना की गई।
घोषणा में भारत के स्वतंत्रता आंदोलन और उसके दौरान अपनाए गए अहिंसक प्रतिरोध, सत्य, आत्म-अनुशासन और नैतिक साहस जैसे सिद्धांतों का भी उल्लेख किया गया।
New Jersey joins in celebrating India’s Independence Day! 🇮🇳🇺🇸
We express our sincere gratitude to Hon’ble Governor @MikieSherrill for proclaiming August 15, 2026, as “Indian Independence Day” in New Jersey.
➡️ The Proclamation recognizes the significant contributions of the… pic.twitter.com/xL0fvPTean
— India in New York (@IndiainNewYork) August 12, 2026
भारत मनाएगा 80वां स्वतंत्रता दिवस
भारत इस साल अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। देशभर में होने वाले समारोहों में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष और ‘युवा शक्ति’ पर विशेष जोर रहेगा।
‘युवा शक्ति’ के माध्यम से छात्रों और युवा नागरिकों की उपलब्धियों और देश के विकास में उनके योगदान को सामने लाने पर ध्यान दिया जाएगा।
अमेरिका के दो प्रमुख राज्यों द्वारा 15 अगस्त को मान्यता दिया जाना भारत और भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।





