Hindi Newsportal

श्रीलंका आर्थिक संकट: देश में लागू इमरजेंसी के बीच नए मंत्रिमंडल का होगा गठन

श्रीलंका मंत्री मंडल: फाइल फोटो
0 619

श्रीलंका आर्थिक संकट: देश में लागू इमरजेंसी के बीच नए मंत्रिमंडल का होगा गठन

 

श्रीलंका में आर्थिक और राजनीतिक संकट के बीच 26 मंत्रियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। इमरजेंसी के बीच रविवार रात को श्रीलंका की पूरी कैबिनेट ने एक साझा पत्र पर हस्ताक्षर करते हुए सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। अब इस आर्थिक और राजनितिक संकट के बीच नए मंत्रिमंडल का गठन किया जाएगा। बता दें प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे अपने पद पर बने हुए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस्तीफों की जानकारी शिक्षा मंत्री व सदन नेता दिनेश गुणवर्धने ने देते हुए बताया कि राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे और उनके बड़े भाई प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे को छोड़कर सभी 26 मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है। गुणावर्धन ने आगे कहा कि, सभी मंत्रियों ने अपने इस्तीफे के पत्र सौंपे ताकि राष्ट्रपति एक नया मंत्रिमंडल का गठन कर सकें। इसके साथ ही नमल राजपक्षे ने भी अपने इस्तीफे की जानकारी देते हुए ट्वीट किया।

 

इससे पहले सोशल मीडिया पर लगाया गया था प्रतिबन्ध

शनिवार देर रात से ही श्रीलंका के कई शहरों और इलाकों में फेसबुक, ट्विटर, व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म आउट ऑफ़ सर्विस हैं। एक तरह से देश में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ब्लैक आउट की स्थिति है। कहा जा रहा है कि देश के अलग-अलग हिस्सों में सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन होने वाले हैं जिसके चलते सरकार ने सोशल साइट बंद करने का फैसला लिया है।