‘घूसखोर पंडित’ पर बवाल, नेटफ्लिक्स ने कोर्ट को दिया नाम बदलने का भरोसा

नेटफ्लिक्स पर आने वाली मनोज बाजपेयी की आगामी फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ अपनी घोषणा के साथ ही विवादों में घिर गई है। फिल्म के नाम को लेकर ब्राह्मण समुदाय और फिल्म वर्कर्स से जुड़ी संस्था एफडब्ल्यूआईसीई (FWICE) ने आपत्ति जताई थी और रिलीज पर रोक लगाने की मांग की थी। मामला बढ़ने के बाद यह मुद्दा कोर्ट तक पहुंच गया, जहां सुनवाई के दौरान मेकर्स ने फिल्म का नाम बदलने का फैसला किया। अब इस पूरे विवाद पर मनोज बाजपेयी की भी प्रतिक्रिया सामने आई है।
मनोज बाजपेयी बोले – हम छोटी बातों पर नाराज हो जाते हैं
डेक्कन क्रॉनिकल से बातचीत में मनोज बाजपेयी ने कहा कि आजकल हमारा समाज बहुत संवेदनशील हो गया है। उन्होंने कहा, “हम हर समय तनाव में रहते हैं और छोटी-छोटी बातों पर भड़क जाते हैं। कई बार लोग व्यक्तिगत स्तर पर अपशब्दों का इस्तेमाल करने लगते हैं। अब फिल्म के टाइटल को लेकर भी इन सभी बातों का ध्यान रखा जा रहा है।”
कोर्ट में पहुंचा मामला, मेकर्स ने बदला रुख
फिल्म की घोषणा के बाद देश के कई हिस्सों में ब्राह्मण समुदाय के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि फिल्म का नाम समुदाय की भावनाओं को आहत करता है। इसको लेकर अदालत में याचिका भी दायर की गई, जिसमें फिल्म के टाइटल को भड़काऊ बताते हुए रिलीज पर रोक लगाने की मांग की गई।
दिल्ली हाईकोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान नेटफ्लिक्स ने अदालत को बताया कि फिल्म के निर्माता नाम बदलने के लिए तैयार हैं। मेकर्स की ओर से यह भी कहा गया कि विवादित प्रमोशनल सामग्री पहले ही हटा ली गई है और जल्द ही नए नाम की घोषणा की जाएगी। इसके बाद कोर्ट ने मामले का निपटारा कर दिया। हालांकि अभी तक फिल्म का नया नाम सामने नहीं आया है।
नीरज पांडे हैं निर्माता
इस फिल्म का निर्माण नीरज पांडे ने किया है। फिल्म में मनोज बाजपेयी के साथ नुसरत भरूचा, साकिब सलीम, श्रद्धा दास, अक्षय ओबेरॉय और कीकू शारदा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
अब सभी की नजरें फिल्म के नए नाम और इसकी रिलीज डेट पर टिकी हुई हैं।





