PM मोदी को नेतन्याहू का खास संदेश, भारत-इजरायल संबंधों को बताया ‘अभूतपूर्व’

नई दिल्ली: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने यहूदी नववर्ष रोश हशनाह के मौके पर शुभकामनाएं देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया। नेतन्याहू ने भारत और इजरायल के रिश्तों को ‘अभूतपूर्व साझेदारी’ बताया और पीएम मोदी के नेतृत्व की तारीफ की।
पीएम मोदी के X पर दिए गए शुभकामना संदेश का जवाब देते हुए नेतन्याहू ने लिखा कि वह इजरायल की जनता और उन्हें व्यक्तिगत रूप से शुभकामनाएं देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के आभारी हैं। उन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व और दोनों देशों के बीच दोस्ती की भी सराहना की।
नेतन्याहू ने कहा कि दोनों देशों ने अपनी पुरानी सभ्यताओं के बीच के संबंधों को दो लोकतांत्रिक देशों के बीच एक मजबूत और अभूतपूर्व साझेदारी में बदल दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि वह और उनकी पत्नी सारा जल्द ही पीएम मोदी से दोबारा मिलने की उम्मीद करते हैं।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने नेतन्याहू, इजरायल की जनता और दुनियाभर के यहूदी समुदायों को रोश हशनाह की शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने सभी के लिए शांति, उम्मीद, अच्छे स्वास्थ्य और लगातार प्रगति की कामना की थी। पीएम मोदी ने यह शुभकामनाएं नई दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS Leaders’ Summit के पहले दिन अपने संबोधन के दौरान दी थीं।
इसी दिन BRICS देशों के नेताओं ने नई दिल्ली घोषणापत्र 2026 को सर्वसम्मति से मंजूरी दी। घोषणापत्र में पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर चिंता जताई गई और स्थायी शांति व स्थिरता के लिए संयम, आम नागरिकों की सुरक्षा, बातचीत और कूटनीति पर जोर दिया गया।





