नेपाल के माउंट एवरेस्ट क्षेत्र में दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर, भारतीय पर्यटक की मौत, तीन घायल

नेपाल के माउंट एवरेस्ट क्षेत्र में मंगलवार सुबह लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस हादसे में एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। हादसा नेपाल के सोलुखुम्बू जिले के फेरीचे इलाके में हुआ।
नेपाल पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान भारतीय नागरिक वसंत कुमार बालारामारामाडु के रूप में हुई है। वह फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार थे। हादसे के बाद उनका शव लुकला के एक अस्पताल ले जाया गया।
हादसे में भारतीय मूल का न्यूजीलैंड नागरिक भी घायल
पुलिस अधिकारी इंस्पेक्टर मौसम तामांग के मुताबिक, उसी हेलीकॉप्टर में सवार भारतीय मूल के न्यूजीलैंड नागरिक शैलेश कृष्ण पटेल भी घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए प्रभु एयर के हेलीकॉप्टर से काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलट भी घायल हुए हैं। हालांकि, उन्हें मामूली चोटें आई हैं और आगे के इलाज के लिए काठमांडू ले जाया गया है।
सुबह 8:11 बजे हुआ हादसा
द काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, एयर डायनेस्टी और फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर मंगलवार सुबह करीब 8:11 बजे लैंडिंग के दौरान टकराए। यह घटना खुम्बु पासांग ल्हामू ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 में स्थित फेरीचे में हुई।
सोलुखुम्बु जिला पुलिस के प्रभारी नवीन राजा बुधाथोकी ने AFP को बताया कि हादसे में एक विदेशी नागरिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।
फिलहाल, हादसे के समय दोनों हेलीकॉप्टरों में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।





