NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द: पेपर लीक के आरोपों के बीच राहुल गांधी ने सरकार पर साधा निशाना

देशभर के लाखों मेडिकल छात्रों के लिए बड़ा झटका सामने आया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित हुई NEET-UG 2026 परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है। एजेंसी का कहना है कि पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ियों को लेकर मिली जानकारी और जांच एजेंसियों की रिपोर्ट के बाद यह फैसला लिया गया।
NTA ने बताया कि मौजूदा परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल उठने के कारण इसे जारी नहीं रखा जा सकता। अब परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी, जिसकी नई तारीखें जल्द जारी की जाएंगी। बताया जा रहा है कि यह फैसला राजस्थान स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) की जांच में सामने आए इनपुट्स के बाद लिया गया। SOG कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मामले की जांच कर रही है।
इस फैसले पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 22 लाख से ज्यादा छात्रों की मेहनत, सपने और परिवारों के त्याग पर पानी फिर गया है। राहुल गांधी ने कहा कि कई परिवारों ने बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज लिया, कुछ माता-पिता ने अपनी बचत और गहने तक बेच दिए, लेकिन बदले में छात्रों को पेपर लीक, लापरवाही और शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार मिला।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य के साथ अपराध है। परीक्षा रद्द होने के बाद लाखों छात्रों को फिर से मानसिक तनाव, आर्थिक बोझ और अनिश्चितता का सामना करना पड़ेगा। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि हर बार पेपर लीक करने वाले बच निकलते हैं, जबकि ईमानदारी से पढ़ाई करने वाले छात्रों को सजा भुगतनी पड़ती है। अगर मेहनत की जगह पैसे और पहुंच से भविष्य तय होने लगे, तो शिक्षा का महत्व ही खत्म हो जाएगा।
अब सभी छात्रों की नजर NTA द्वारा घोषित की जाने वाली नई परीक्षा तारीखों पर टिकी है।




