राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 का ऐलान, 17 खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन पुरस्कार

युवा मामले और खेल मंत्रालय ने मंगलवार को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 की घोषणा कर दी। अलग-अलग खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है। वहीं, तीन कोच को द्रोणाचार्य पुरस्कार और दो कोच को द्रोणाचार्य पुरस्कार (लाइफटाइम) के लिए चुना गया है।
इन पुरस्कारों के लिए चयन समिति ने सिफारिशें की थीं। इस समिति की अध्यक्षता भारत के सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा ने की। समिति की सिफारिशों के आधार पर सरकार ने खिलाड़ियों, कोच और खेल संस्थाओं को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित करने का फैसला किया है।
17 खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन पुरस्कार
अर्जुन पुरस्कार 2025 के लिए एथलेटिक्स से तेजस्विन शंकर, मोहम्मद अजमल और प्रियंका गोस्वामी को चुना गया है। बैडमिंटन से त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद, जबकि मुक्केबाजी से नरेंद्र को यह सम्मान मिलेगा। शतरंज में विदित गुजराती और दिव्या देशमुख, बधिर शूटिंग में धनुष श्रीकांत, हॉकी में लालरेमसियामी और राजकुमार पाल को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है।
इसके अलावा कबड्डी से सुजीत और पूजा, पैरा-शूटिंग से रुद्रांश खंडेलवाल, पैरा एथलेटिक्स से एकता भ्यान, रोइंग से अरविंद सिंह और शूटिंग से अखिल श्योरण को अर्जुन पुरस्कार दिया जाएगा। अर्जुन पुरस्कार उन खिलाड़ियों को दिया जाता है जिन्होंने पिछले चार वर्षों में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया हो और खेल के साथ-साथ नेतृत्व, खेल भावना और अनुशासन का भी उदाहरण पेश किया हो।
टी. अरुमैनायगम को अर्जुन पुरस्कार लाइफटाइम
अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) 2025 के लिए फुटबॉल के टी. अरुमैनायगम को चुना गया है। यह पुरस्कार ऐसे खिलाड़ियों को दिया जाता है जिन्होंने अपने खेल करियर के बाद भी खेलों से जुड़े रहकर उनके विकास और प्रोत्साहन में योगदान दिया हो।
तीन कोच को द्रोणाचार्य पुरस्कार
द्रोणाचार्य पुरस्कार 2025 के लिए परवीर सिंह (एथलेटिक्स), छोटे लाल यादव (मुक्केबाजी) और नेहा नंदकुमार चव्हाण (शूटिंग) को चुना गया है।
यह पुरस्कार ऐसे प्रशिक्षकों को दिया जाता है, जिन्होंने खिलाड़ियों को लगातार बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दो कोच को द्रोणाचार्य पुरस्कार लाइफटाइम
द्रोणाचार्य पुरस्कार (लाइफटाइम) 2025 के लिए धर्मेंद्र सिंह यादव (मुक्केबाजी) और वीरेंद्र कुमार (कुश्ती) को चुना गया है। यह सम्मान उन प्रशिक्षकों को दिया जाता है जिन्होंने लंबे समय तक खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर खेल के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
आर्मी पैरालंपिक नोड को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार
राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार 2025 के लिए आर्मी पैरालंपिक नोड, पुणे को चुना गया है। यह पुरस्कार उन संस्थाओं, कंपनियों और गैर-सरकारी संगठनों को दिया जाता है जो देश में खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों के विकास के लिए महत्वपूर्ण काम करते हैं।
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार हर साल खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित करने के लिए दिए जाते हैं।





