अंतरिक्ष में इतिहास रचेगा NASA का वॉयजर-1, 18 नवंबर को पार करेगा एक लाइट-डे की दूरी

नासा का अंतरिक्ष यान ‘वॉयजर-1’ 18 नवंबर को एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने जा रहा है। करीब 49 साल पहले लॉन्च किया गया यह यान पृथ्वी से लगभग 16.09 अरब मील (25.89 अरब किलोमीटर) दूर पहुंच जाएगा। इसके साथ ही यह पृथ्वी से एक लाइट-डे की दूरी तय करने वाला पहला मानव निर्मित अंतरिक्ष यान बन जाएगा।
एक लाइट-डे का मतलब है कि प्रकाश को पृथ्वी से किसी वस्तु तक पहुंचने में 24 घंटे लगें। वॉयजर-1 इस समय करीब 28,000 मील प्रति घंटे की रफ्तार से अंतरिक्ष में आगे बढ़ रहा है। यह अब तक अंतरिक्ष में भेजी गई मानव निर्मित वस्तुओं में सबसे दूर है।
वॉयजर-1 ने अगस्त 2012 में इंटरस्टेलर स्पेस यानी तारों के बीच के अंतरिक्ष में प्रवेश किया था। इसके जुड़वां यान वॉयजर-2 ने दिसंबर 2018 में इस क्षेत्र में प्रवेश किया। वॉयजर-1 अपनी मशहूर ‘पेल ब्लू डॉट’ तस्वीर के लिए भी जाना जाता है, जिसमें पृथ्वी अंतरिक्ष में एक छोटे से नीले बिंदु की तरह दिखाई देती है।
1977 में हुई थी दोनों यानों की लॉन्चिंग
नासा ने वॉयजर-1 और वॉयजर-2 को साल 1977 में लॉन्च किया था। उस समय बृहस्पति, शनि, यूरेनस और नेपच्यून ग्रह एक खास स्थिति में थे। ऐसी स्थिति करीब 175 साल में एक बार बनती है। इसी का फायदा उठाकर दोनों यानों को इन ग्रहों की खोज के लिए भेजा गया था।
1980 के दशक में शनि ग्रह के पास पहुंचने के बाद दोनों यान अलग-अलग दिशाओं में आगे बढ़ गए। वॉयजर-1 ने अंतरिक्ष में एक तारे की ओर अपना सफर जारी रखा, जबकि वॉयजर-2 ने यूरेनस और नेपच्यून की तरफ यात्रा की। वॉयजर-2 अब तक सौरमंडल के चारों विशाल ग्रहों के करीब से गुजरकर उनका अध्ययन करने वाला इकलौता अंतरिक्ष यान है। इसने बृहस्पति के एक नए चंद्रमा की खोज की थी। इसके अलावा यूरेनस और नेपच्यून के कई नए चंद्रमाओं और छल्लों का भी पता लगाया था।
वॉयजर-2 को भी एक लाइट-डे की दूरी तय करने में अभी समय लगेगा। अनुमान है कि वह नवंबर 2035 में इस मुकाम तक पहुंचेगा।
दोनों यानों में मौजूद है ‘गोल्डन रिकॉर्ड’
वॉयजर-1 और वॉयजर-2 की एक खास बात यह भी है कि दोनों अपने साथ ‘गोल्डन रिकॉर्ड’ लेकर चल रहे हैं। यह 12 इंच की एक खास डिस्क है, जिसे पृथ्वी और इंसानी सभ्यता की जानकारी अंतरिक्ष में पहुंचाने के लिए तैयार किया गया था।
इसमें 55 भाषाओं में अभिवादन, 27 संगीत रचनाएं, 116 तस्वीरें और पृथ्वी पर मौजूद अलग-अलग आवाजों की रिकॉर्डिंग शामिल हैं। डिस्क को सुरक्षित रखने के लिए उस पर सोने की परत चढ़ाई गई है। इसके कवर पर सौरमंडल में सूर्य की स्थिति और डिस्क को चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
दो दिन तक नहीं मिला था वॉयजर-1 का सिग्नल
अक्टूबर में वॉयजर-1 से दो दिनों तक संपर्क नहीं हो पाया था। 18 और 19 अक्टूबर को नासा के डीप स्पेस नेटवर्क को इस यान से कोई सिग्नल नहीं मिला। इससे मिशन से जुड़े वैज्ञानिकों की चिंता बढ़ गई थी।
हालांकि, वैज्ञानिकों के समस्या का पता लगाने के लिए कमांड भेजने से पहले ही 20 अक्टूबर को वॉयजर-1 ने दोबारा संपर्क स्थापित कर लिया। इसके बाद से संचार में किसी और रुकावट की जानकारी सामने नहीं आई है।





