मुंबई के कुर्ला में भारी बारिश के बाद भूस्खलन, 2 की मौत; कई लोगों के दबे होने की आशंका

भारी बारिश के बाद बुधवार तड़के मुंबई के कुर्ला इलाके में भूस्खलन की घटना सामने आई। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य घायल हैं।
यह घटना तड़के करीब 3 बजे अशोकनगर इलाके में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस, बीएमसी, एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका
डीसीपी गणेश शिंदे के मुताबिक, भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ। शुरुआती जानकारी में करीब चार से पांच लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई गई थी। बचाव दल लगातार मलबा हटाकर लोगों की तलाश कर रहे हैं।
मुंबई की मेयर रितु तावड़े भी मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान का जायजा लिया।
दो लोगों की मौत, दो घायल
अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान साहिल अंसारी (28) और मोहम्मद समीर (14) के रूप में हुई है। दोनों को राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में सोहेल अंसारी (18) और मोहम्मद अंसारी (14) घायल हुए हैं। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
#WATCH | Maharashtra: Landslide occurred at Gaushiya Chawl, Chirag Nagar, near Rathod Medical in Kurla, at around 3:48 am. Three to four people are suspected to be trapped. Rescue operation underway. pic.twitter.com/uLeHolcD70
— ANI (@ANI) August 12, 2026
भारी बारिश से मुंबई में बिगड़े हालात
मुंबई में मंगलवार से भारी बारिश का दौर जारी है। बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव और यातायात प्रभावित हुआ है। खराब मौसम को देखते हुए स्पाइसजेट ने भी यात्रियों के लिए यात्रा संबंधी सलाह जारी की थी।
मुंबई में पिछले कुछ हफ्तों से लगातार बारिश के कारण सड़क और हवाई यातायात पर असर पड़ा है। मौसम विभाग ने भी भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
विले पार्ले में आग से दो की मौत
भूस्खलन से कुछ घंटे पहले मुंबई के विले पार्ले इलाके में एक 12 मंजिला इमारत में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई थी और छह अन्य घायल हुए थे।
शांता भवन की 11वीं मंजिल पर मंगलवार रात करीब 10 बजे दो फ्लैटों में आग लगी। हादसे में ढाई साल के बच्चे अबीर और 23 वर्षीय अंकिता की मौत हो गई। घायलों में दो दमकलकर्मी भी शामिल हैं।





