भारत

बारिश से बेहाल मुंबई: लोकल ट्रेनें लेट, स्कूल बंद, सड़कों पर पानी

मुंबई में पिछले 24 घंटों के भीतर 300 मिमी तक बारिश दर्ज की गई, जिसके चलते शहर का जनजीवन लगभग ठप पड़ गया है। कई इलाकों में पानी भरने से यातायात और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोगों को सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि आने वाले 48 घंटे मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए बेहद अहम होंगे। इन जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मौसम विभाग ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

बारिश की वजह से मुंबई की “लाइफलाइन” कही जाने वाली लोकल ट्रेनें भी समय पर नहीं चल पा रहीं। कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। वहीं नवी मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिले के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। तेज बारिश के बीच भांडुप इलाके में करंट लगने से 17 साल के एक किशोर की मौत हो गई। युवक हेडफोन लगाकर रास्ते से गुजर रहा था, तभी वह खुले बिजली के तार के संपर्क में आ गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई।

बारिश के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, सांताक्रूज़ में बुधवार सुबह 8.30 बजे तक 200 मिमी बारिश दर्ज की गई। रायगढ़ के लोकप्रिय पर्यटन स्थल माथेरान में 382.5 मिमी और दक्षिण मुंबई स्थित कोलाबा में 107.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस बीच, नवी मुंबई को पानी उपलब्ध कराने वाला मोरबे डैम पूरी क्षमता तक भर चुका है। डैम का जल स्तर बढ़ने पर इसके दो दरवाजे खोल दिए गए। अधिकारियों का कहना है कि डैम के भर जाने से नवी मुंबई को सालभर पीने के पानी की दिक्कत नहीं होगी। वर्तमान में शहर को मोरबे डैम से प्रतिदिन 450 एमएलडी पानी की सप्लाई की जाती है।

बारिश का असर लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी पड़ा है। लोकमान्य तिलक स्टेशन से यात्रा करने वाले एक यात्री ने बताया कि उनकी ट्रेन सुबह 8 बजे छूटनी थी, लेकिन बारिश की वजह से 5 घंटे की देरी से चल रही है। इसके अलावा, मुंबई के तटीय इलाकों में सुबह 10 बजे हाई टाइड का समय रहेगा, जब समुद्र में 3.87 मीटर ऊंची लहरें उठेंगी। प्रशासन ने लोगों को समुद्र से दूर रहने और मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button