
IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के फैंस के लिए पल काफी भावुक रहे। चोट के कारण इस पूरे सीजन में मैदान से दूर रहे दिग्गज खिलाड़ी MS Dhoni ने जब चेन्नई के आखिरी घरेलू मैच के बाद मैदान पर कदम रखा, तो फैंस का उत्साह देखने लायक था। इस दौरान माही ने टीम के साथ फोटो खिंचवाई और दर्शकों का अभिवादन स्वीकार करते हुए ‘लैप ऑफ ऑनर’ (lap of honour) भी पूरा किया।
सुरेश रैना की विशेष अपील
इस खास मौके पर उनके पुराने साथी और पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना भी मौजूद थे। रैना ने माही के साथ अपनी बातचीत का जिक्र करते हुए कहा, “मैंने उनसे कहा कि ‘आपने IPL 2026 में एक मिस्ड कॉल दी है। यह गिना नहीं जाएगा। आपको अगले साल वापस आना होगा।” जिस पर धोनी ने जवाब दिया, “मेरी बॉडी थोड़ी कमजोर है।”
रैना ने आगे कहा कि वह धोनी के इस जवाब को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं और उन्हें उम्मीद है कि माही IPL 2027 में जरूर वापसी करेंगे।
क्या कहते हैं कोच Stephen Fleming?
वहीं, दूसरी ओर CSK के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने धोनी के भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया। उन्होंने कहा, “यह फैसला मैनेजमेंट को लेना है। एमएस ने इस साल टीम के साथ रहकर युवा खिलाड़ियों का बहुत अच्छा मार्गदर्शन किया है, भले ही वह खेले न हों, लेकिन टीम में उनका प्रभाव काफी बड़ा रहा है।”
भले ही धोनी के खेलने पर अभी सस्पेंस बना हुआ है, लेकिन फैंस अभी भी उम्मीद लगाए बैठे हैं कि माही एक बार फिर पीले रंग की जर्सी में मैदान पर जलवा बिखेरते नजर आएंगे।





