हर ऑर्डर पर ज्यादा पैसे! Swiggy की प्लेटफॉर्म फीस में 17% इजाफा

भारत में ऑनलाइन फूड ऑर्डर करना अब पहले से महंगा हो गया है। फूड डिलीवरी कंपनी Swiggy ने अपनी प्लेटफॉर्म फीस बढ़ाकर 14.99 रुपये से 17.58 रुपये प्रति ऑर्डर कर दी है, यानी करीब 17% की बढ़ोतरी हुई है।
अब यह नई फीस हर ऑर्डर पर लागू होगी और बिल में डिलीवरी चार्ज, जीएसटी और खाने की कीमत के साथ जुड़कर दिखाई देगी। इससे पहले Zomato भी अपनी प्लेटफॉर्म फीस बढ़ाकर 14.90 रुपये प्रति ऑर्डर कर चुका है। दोनों कंपनियों के लगभग एक साथ फीस बढ़ाने से अब प्लेटफॉर्म फीस फूड डिलीवरी का एक सामान्य हिस्सा बनती जा रही है।
प्लेटफॉर्म फीस एक तय राशि होती है, जो ऑर्डर की दूरी या कीमत पर निर्भर नहीं करती। ऐसे में छोटे ऑर्डर करने वालों पर इसका ज्यादा असर पड़ता है, क्योंकि कुल बिल में इस फीस का हिस्सा बड़ा हो जाता है। Swiggy ने अपने ऐप में बताया है कि यह फीस प्लेटफॉर्म और ऑपरेशन के खर्चों को पूरा करने के लिए ली जा रही है, हालांकि कंपनी ने इसका कोई विस्तृत कारण नहीं दिया है।
जानकारों के मुताबिक, बढ़ती ईंधन कीमतें, डिलीवरी खर्च, डिलीवरी पार्टनर्स को मिलने वाली पेमेंट और टेक्नोलॉजी इंफ्रास्ट्रक्चर की लागत इस बढ़ोतरी की बड़ी वजह हैं। इसके अलावा, वैश्विक तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ने भी डिलीवरी लागत को प्रभावित किया है।
इसका सीधा असर ग्राहकों की जेब पर पड़ रहा है, क्योंकि अब हर ऑर्डर पर ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ेंगे। हालांकि, कुछ डिस्काउंट और सब्सक्रिप्शन प्लान थोड़ी राहत दे सकते हैं, लेकिन प्लेटफॉर्म फीस से बचना लगभग मुश्किल है। Swiggy और Zomato के बाजार में दबदबे के चलते ग्राहकों के पास सस्ते विकल्प भी सीमित हैं।





