सेमीकॉन इंडिया 2025 में मोदी का मजेदार सवाल, जवाब सुनकर गूंज उठा सभागार!

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राजधानी दिल्ली में आयोजित सेमीकॉन इंडिया 2025 कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में दुनिया भर से सेमीकंडक्टर उद्योग से जुड़े विशेषज्ञ और 40 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
भाषण की शुरुआत में ही प्रधानमंत्री मोदी ने एक मजेदार टिप्पणी कर दी, जिस पर पूरा सभागार ठहाकों से गूंज उठा। पीएम मोदी ने कहा, “कल रात ही मैं जापान और चीन की यात्रा से वापस लौटा हूं।” इस पर हॉल में मौजूद लोगों ने जोरदार तालियां बजाईं। इसके बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “गया था इसलिए तालियां बजा रहे हैं या वापस लौटा इसलिए?” यह सुनते ही सभी लोग हंस पड़े।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज दुनिया भारत के साथ मिलकर सेमीकंडक्टर का भविष्य बनाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, “यहां दुनिया के शीर्ष विशेषज्ञ और भारत की युवा शक्ति एक साथ नजर आ रही है। यह इस बात का संकेत है कि दुनिया भारत पर भरोसा करती है।”
#WATCH | At Semicon India 2025, Prime Minister Narendra Modi begins his speech with a light-hearted comment.
PM Modi says. “Last night, I returned to India after concluding my visits to Japan and China. Are you all clapping because I went there or because I returned?”
(Video:… pic.twitter.com/pZGzZgCfIS
— ANI (@ANI) September 2, 2025
उन्होंने आगे कहा कि विकास की मौजूदा रफ्तार जारी रही तो भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। पीएम मोदी ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था ने अप्रैल-जून तिमाही में 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ दर्ज कर उम्मीदों से बेहतर प्रदर्शन किया।
प्रधानमंत्री ने सेमीकंडक्टर के महत्व को समझाते हुए कहा, “पहले तेल को काला सोना कहा जाता था, लेकिन अब चिप्स यानी सेमीकंडक्टर डिजिटल हीरे बन गए हैं। पिछली सदी को तेल ने आकार दिया, लेकिन 21वीं सदी की शक्ति अब एक छोटी सी चिप में सिमट गई है।”




