थिएटर्स में रिलीज हुई ‘मिर्जापुर: द मूवी’, दर्शकों ने एक्शन, डायलॉग और भौकाल की जमकर की तारीफ

मुंबई: लंबे इंतजार के बाद आखिरकार ‘मिर्जापुर: द मूवी’ सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। ओटीटी पर लोकप्रिय रही ‘मिर्जापुर’ की कहानी अब बड़े पर्दे पर देखने को मिल रही है। फिल्म के रिलीज होते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। शुरुआती प्रतिक्रियाओं में फिल्म के एक्शन, डायलॉग, बैकग्राउंड म्यूजिक और भव्य अंदाज की तारीफ की जा रही है।
फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। इनके अलावा जितेंद्र कुमार, रवि किशन और ‘मिर्जापुर’ की दुनिया से जुड़े कई पुराने चेहरे भी फिल्म का हिस्सा हैं। दिव्येंदु शर्मा की मुन्ना भैया के किरदार में वापसी को लेकर दर्शकों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं रवि किशन की बब्बुआ यादव के रूप में एंट्री भी चर्चा में है।
एक दर्शक ने फिल्म को मनोरंजन से भरपूर बताया और पंकज त्रिपाठी के साथ रवि किशन के अभिनय की तारीफ की। दर्शक के मुताबिक फिल्म मनोरंजन के मामले में कहीं भी कमजोर नहीं पड़ती और रवि किशन की एंट्री कहानी में नया जोश भर देती है।
एक अन्य दर्शक ने रवि किशन की कास्टिंग की तारीफ करते हुए कहा कि दूसरे हिस्से के लिए शानदार माहौल तैयार किया गया है और रवि किशन को इस किरदार के लिए चुनना बेहतरीन फैसला है।
फिल्म के पहले हिस्से को भी दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। एक यूजर ने इसे ‘कड़क’ बताया। हालांकि, उसके मुताबिक फिल्म की शुरुआत थोड़ी धीमी है, लेकिन आगे बढ़ने के साथ कहानी बेहतर होती जाती है। खासतौर पर इंटरवल से पहले के हिस्से की तारीफ की गई है और दूसरे हाफ को और भी दमदार बताया जा रहा है।
वहीं कुछ दर्शकों की राय थोड़ी अलग भी है। एक यूजर ने पहले हाफ को ठीक-ठाक बताते हुए बैकग्राउंड म्यूजिक, फिल्म के ट्रीटमेंट और कई शानदार दृश्यों की तारीफ की। हालांकि, उनका मानना है कि फिल्म कुछ जगहों पर कहानी को जरूरत से ज्यादा समझाती है, जिसकी वजह से यह बड़े पर्दे पर लंबी वेब सीरीज जैसी महसूस होती है।
इसके बावजूद फिल्म के किरदार, चर्चित डायलॉग और ‘मिर्जापुर’ वाला अंदाज दर्शकों को पसंद आ रहा है। एक फैन ने फिल्म की तारीफ करते हुए लिखा, “नाम छोटा है, भौकाल नहीं। टाइम टू भौकाल।”
फिल्म के एक्शन, बैकग्राउंड स्कोर, जबरदस्त डायलॉग और पुराने किरदारों की वापसी को लेकर भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है। दर्शकों के एक वर्ग ने फिल्म की भाषा और हास्य की भी तारीफ की है।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ लोकप्रिय वेब सीरीज के तीन सीजन के बाद बड़े पर्दे पर आई है। सीरीज में कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना भैया जैसे किरदारों ने दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है। फिल्म में भी वही हिंसा, सत्ता की लड़ाई, बदला और ‘भौकाल’ देखने को मिल रहा है, जिसके लिए ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी जानी जाती है।
फिलहाल सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर शुरुआती प्रतिक्रियाएं ज्यादातर सकारात्मक हैं। हालांकि, फिल्म को लेकर पूरी तस्वीर दर्शकों की संख्या बढ़ने और आने वाले दिनों में मिलने वाली प्रतिक्रियाओं के बाद ही साफ होगी।





