OpenAI का बड़ा अपडेट, ChatGPT में खत्म होंगे अलग-अलग Chat और Work टैब

ओपनएआई (OpenAI) अपने एआई चैटबॉट ChatGPT में बड़ा बदलाव करने की तैयारी कर रहा है। कंपनी Chat और Work टैब को मिलाकर एक ही अनुभव देने की योजना बना रही है। इससे यूजर्स को रोजमर्रा के सवाल पूछने से लेकर रिसर्च, डेटा एनालिसिस और बड़े प्रोजेक्ट तैयार करने तक के लिए अलग-अलग टैब पर जाने की जरूरत नहीं होगी।
टेकक्रंच की रिपोर्ट के मुताबिक, ओपनएआई ने यूजर्स को भेजे गए एक ईमेल में इस बदलाव की जानकारी दी है। कंपनी पहले कुछ चुनिंदा यूजर्स के साथ इसका परीक्षण करेगी। इसके बाद इसे बड़े स्तर पर लागू किया जा सकता है।
फिलहाल ChatGPT में Chat का इस्तेमाल सामान्य सवालों के जवाब पाने और बातचीत करने के लिए किया जाता है, जबकि Work टैब लंबे और जटिल कामों के लिए है। इसके जरिए यूजर्स रिसर्च, जानकारी का विश्लेषण और डॉक्यूमेंट, प्रेजेंटेशन या वेबसाइट तैयार कर सकते हैं।
ओपनएआई के मुताबिक, दोनों सुविधाओं को एक जगह लाने का उद्देश्य यूजर्स को किसी आइडिया पर चर्चा करने से लेकर उसे पूरा करने तक की सुविधा एक ही प्लेटफॉर्म पर देना है। यूजर्स अपने काम के दौरान फाइलें और प्लगइन्स भी जोड़ सकेंगे और ChatGPT के काम को देख तथा उसमें जरूरी बदलाव कर सकेंगे।
हालांकि, डेस्कटॉप ऐप में कोडिंग के लिए उपलब्ध Codex का अलग अनुभव पहले की तरह बना रहेगा। इसे Chat और Work के साथ मर्ज नहीं किया जाएगा।
दिसंबर से बदलेंगे पेड प्लान के इस्तेमाल के नियम
Chat और Work टैब को मिलाने के अलावा कंपनी पेड सब्सक्रिप्शन के इस्तेमाल के नियमों में भी बदलाव करने जा रही है। दिसंबर से Plus, Pro और Business प्लान के यूजर्स के लिए ChatGPT और Codex की इस्तेमाल सीमा साझा होगी।
इसका मतलब है कि दोनों सेवाओं के इस्तेमाल की लिमिट अलग-अलग नहीं होगी, बल्कि एक ही संयुक्त लिमिट से तय होगी। कंपनी इस इस्तेमाल को टोकन के आधार पर मापेगी। टोकन वे छोटी इकाइयां होती हैं, जिनके जरिए एआई मॉडल जानकारी को समझते और जवाब तैयार करते हैं।
जितना जटिल काम होगा और जितने एडवांस मॉडल का इस्तेमाल किया जाएगा, उतने ही ज्यादा टोकन खर्च हो सकते हैं।
Instant चैट के इस्तेमाल पर नहीं पड़ेगा असर
ओपनएआई ने साफ किया है कि Instant मोड में की जाने वाली सामान्य चैट इस साझा इस्तेमाल सीमा में शामिल नहीं होगी। कंपनी को उम्मीद है कि ज्यादातर यूजर्स को पहले की तुलना में अपनी लिमिट रीसेट होने का ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
यूजर्स अपने ChatGPT अकाउंट की Settings में जाकर Usage सेक्शन में कुल बची हुई इस्तेमाल सीमा और उसके रीसेट होने का समय देख सकेंगे।
अगर कोई यूजर अपनी तय सीमा पूरी कर लेता है, तो उसके पास लिमिट रीसेट होने का इंतजार करने, अपना प्लान अपग्रेड करने या उपलब्ध सुविधाओं के लिए अतिरिक्त क्रेडिट खरीदने का विकल्प होगा।
कंपनी इस बदलाव के जरिए यह देखना चाहती है कि Chat और Work को एक जगह लाने से यूजर्स इन सुविधाओं का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं या नहीं। इससे ChatGPT पर सामान्य बातचीत के साथ-साथ बड़े और लंबे काम करना भी आसान हो सकता है।




