स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज में ईरान की बड़ी कार्रवाई, दो कार्गो जहाज कब्जे में

तेहरान: ईरान की नौसेना ने दावा किया है कि उसने स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज में दो मालवाहक जहाजों को कब्जे में लेकर अपने तट की ओर ले जाया है। यह कार्रवाई उस समय हुई जब इलाके में तीन जहाजों के साथ फायरिंग की घटनाएं सामने आईं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Islamic Revolutionary Guard Corps (IRGC) ने ‘Epaminodes’ नाम के जहाज पर गोलीबारी की, क्योंकि उसने कथित तौर पर ईरानी चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया था। इसके अलावा ‘Euphoria’ नाम के एक और जहाज को भी फायरिंग के बाद रोका गया, जबकि तीसरे जहाज ‘MSC-Francesca’ को भी निशाना बनाया गया।
IRGC ने कहा कि ‘Epaminodes’ और ‘MSC-Francesca’ को इसलिए कब्जे में लिया गया क्योंकि वे जरूरी परमिट के बिना चल रहे थे और उनके नेविगेशन सिस्टम में गड़बड़ी पाई गई। अधिकारियों का कहना है कि हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य की सुरक्षा से छेड़छाड़ करना “रेड लाइन” है। अब इन जहाजों के सामान और दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव पहले से ही बढ़ा हुआ है। डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में युद्धविराम की अवधि दो हफ्ते के लिए बढ़ाई है, जबकि दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है। ईरान के कुछ नेताओं ने आरोप लगाया है कि अमेरिका इस समय का इस्तेमाल आगे की कार्रवाई की तैयारी के लिए कर रहा है।
इससे पहले यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने भी इस इलाके में फायरिंग की घटनाओं की जानकारी दी थी, हालांकि किसी के घायल होने या पर्यावरण को नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। हाल के दिनों में अमेरिका द्वारा ईरानी जहाजों को जब्त करने की घटनाओं के बाद से इस क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।





