CJP के ‘दिल्ली चलो’ प्रदर्शन से पहले बड़ा फैसला, दिल्ली में 2 दिन बंद रहेंगी शराब की दुकानें - News Mobile
भारत

CJP के ‘दिल्ली चलो’ प्रदर्शन से पहले बड़ा फैसला, दिल्ली में 2 दिन बंद रहेंगी शराब की दुकानें

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में 9 और 10 अक्टूबर को सभी शराब की दुकानें बंद रहेंगी। दिल्ली सरकार के आबकारी, मनोरंजन और लग्जरी टैक्स विभाग ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह आदेश जारी किया है।

सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि दिल्ली पुलिस से मिले इनपुट और मौजूदा हालात को देखते हुए एहतियात के तौर पर शराब की सभी रिटेल दुकानें बंद रखने का फैसला लिया गया है। यह आदेश 9 और 10 अक्टूबर 2026 को लागू रहेगा।

दिल्ली में बढ़ाई गई सुरक्षा

CJP की ओर से स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर कथित गड़बड़ियों के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पार्टी ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़े प्रदर्शन का आह्वान किया है।

प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, अगले कुछ दिनों के लिए दिल्ली में करीब 11 हजार अतिरिक्त केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवान तैनात किए जा रहे हैं। इसके बाद दिल्ली में केंद्रीय बलों की कुल संख्या करीब 26 हजार हो जाएगी।

वहीं, दिल्ली पुलिस का कहना है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई है। पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह की अनधिकृत भीड़ या प्रदर्शन में शामिल होने से बचने की अपील की है।

‘दिल्ली चलो’ प्रदर्शन का ऐलान

CJP ने मुंबई में हुए प्रदर्शन के बाद 10 अक्टूबर से ‘दिल्ली चलो’ प्रदर्शन का ऐलान किया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दलों और कई सामाजिक संगठनों के प्रदर्शन भी जारी हैं। 2 अक्टूबर से AISA, वाम दलों और कई सिविल सोसायटी संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू किया था। कांग्रेस और विपक्षी दलों के सांसद भी पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में प्रदर्शन कर रहे हैं।

दिल्ली आने वाले रास्तों पर भी निगरानी

दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के तहत कई एहतियाती कदम उठाए हैं। पुलिस थानों के अधिकारियों को आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों पर नजर रखने और दिल्ली आने वाली बसों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा शैक्षणिक संस्थानों और PG संचालकों से भी छात्रों को प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए संपर्क करने को कहा गया है।

पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोग उत्तर प्रदेश की तरफ से पूर्वी दिल्ली और शाहदरा बॉर्डर के रास्ते या दक्षिण-पश्चिम दिशा में राजस्थान की ओर से दिल्ली में प्रवेश कर सकते हैं। इन रास्तों पर निगरानी बढ़ाने और एंट्री पॉइंट्स पर बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस को यह भी निर्देश दिया गया है कि नई दिल्ली जिले में किसी भी जगह प्रदर्शनकारियों को बैठकर धरना देने या प्रदर्शन करने की अनुमति न दी जाए। सोशल मीडिया पर प्रदर्शनकारियों को रोके जाने की स्थिति में वहीं बैठने की अपील किए जाने की जानकारी के बाद पुलिस ने इसे रोकने के लिए भी तैयारी की है।

Show More
Back to top button