भारत

बांग्लादेशी कट्टरपंथी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, असम-त्रिपुरा से 11 लोग गिरफ्तार

बांग्लादेश से जुड़े कट्टरपंथी संगठनों के साथ संबंध रखने के आरोप में असम और त्रिपुरा से 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, ये लोग पूर्वोत्तर भारत में अस्थिरता फैलाने की साजिश में शामिल थे।

गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त पार्थसारथी महंत ने बताया कि विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने केंद्रीय एजेंसियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि सोमवार रात असम के बारपेटा, चिरांग और दरांग जिलों के साथ-साथ त्रिपुरा में एक साथ अभियान चलाया गया, जिसमें 11 जिहादी तत्वों को पकड़ा गया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए सभी लोग इमाम महमूद काफिला (आईएमके) नामक संगठन से जुड़े हैं, जो प्रतिबंधित जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) का ही एक हिस्सा है। ये आरोपी बांग्लादेशी कट्टरपंथी समूहों के निर्देशों पर काम कर रहे थे।

पार्थसारथी महंत ने बताया कि गिरफ्तार किए गए 11 लोगों में से 10 को असम से और एक को त्रिपुरा से पकड़ा गया है। इनका मकसद असम और पूर्वोत्तर के अन्य हिस्सों में अशांति फैलाना था। पुलिस के अनुसार, ये लोग क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने और अपना वर्चस्व स्थापित करने की योजना बना रहे थे।

असम से गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नसीम उद्दीन उर्फ नजीमुद्दीन उर्फ तमीम (24), जुनाब अली (38), अफराहिम हुसैन (24), मिजानुर रहमान (46), सुल्तान महमूद (40), मोहम्मद सिद्दीक अली (46), राशिदुल आलम (28), महिबुल खान (25), शाहरुख हुसैन (22) और मोहम्मद दिलबर रजाक (26) के रूप में हुई है। वहीं, त्रिपुरा से जागीर मियां (33) को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button