ITR Filing 2026 में बड़ा बदलाव; Form 16 की जगह नया Form 130 लागू

नई दिल्ली: भारत में इनकम टैक्स फाइलिंग सिस्टम 1 अप्रैल 2026 से बड़े बदलावों के साथ लागू होने जा रहा है। सरकार नए इनकम-टैक्स रूल्स 2026 ला रही है, जिसके तहत ITR फॉर्म में बदलाव, ऑटोमैटेड फाइलिंग सिस्टम और Form 16 की जगह नया Form 130 लाया जाएगा।
Form 16 की जगह आएगा Form 130
नया Form 130 अब सैलरी पाने वाले कर्मचारियों, पेंशनर्स और कुछ सीनियर सिटीजन्स के लिए TDS सर्टिफिकेट का काम करेगा। यह फॉर्म TRACES पोर्टल के जरिए जारी किया जाएगा और इसमें सैलरी, कटौतियां, टैक्स और TDS की पूरी जानकारी मिलेगी।
खास बात यह है कि Form 130 को मैन्युअली जारी नहीं किया जा सकेगा, यह पूरी तरह सिस्टम से जनरेट होगा। पहला Form 130 जून 2027 तक जारी होगा, जबकि 2025-26 के लिए अभी Form 16 ही लागू रहेगा।
तीन हिस्सों में होगा नया फॉर्म
Form 130 को तीन भागों में बांटा जाएगा—
Part A में कर्मचारी और नियोक्ता की जानकारी,
Part B में सैलरी और डिडक्शन्स की डिटेल,
और Part C में कुल आय और टैक्स की पूरी गणना दी जाएगी।
ITR फाइलिंग होगी आसान और ऑटोमैटिक
नए नियमों के तहत ITR फॉर्म को भी आसान और स्पष्ट बनाया जाएगा। फाइलिंग प्रक्रिया में पहले से भरी हुई (pre-filled) जानकारी और ऑटोमैटिक चेकिंग होगी, जिससे गलतियों की संभावना कम होगी।
हालांकि, ज्यादा कमाई करने वाले, निवेशक और NRI को ज्यादा जानकारी देनी पड़ सकती है। अगर फाइलिंग सही हुई तो रिफंड जल्दी मिल सकता है, लेकिन गलती होने पर देरी भी हो सकती है।
पारदर्शिता पर जोर
सरकार का मकसद इस नए सिस्टम के जरिए टैक्स प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी, सटीक और आसान बनाना है, ताकि लोग सही समय पर सही जानकारी के साथ अपना टैक्स भर सकें।





