दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव, श्रीलंका के दिग्गज चामिंडा वास की एंट्री

आईपीएल 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव किया है। श्रीलंका के दिग्गज तेज गेंदबाज चामिंडा वास को टीम का नया फास्ट बॉलिंग कोच बनाया गया है। फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर उनके जुड़ने की आधिकारिक जानकारी दी। इससे पहले भी वास के टीम से जुड़ने की खबरें सामने आई थीं।
अपने क्रिकेट करियर में गेंद को स्विंग कराने की कला के लिए मशहूर वास अब दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों को ट्रेनिंग देंगे। टीम में मुकेश कुमार और आकिब नबी जैसे भारतीय तेज गेंदबाज शामिल हैं। वास अपने अनुभव के जरिए इन खिलाड़ियों की गेंदबाजी को बेहतर बनाने में मदद करेंगे।
चामिंडा वास का शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर
चामिंडा वास श्रीलंका के सबसे सफल तेज गेंदबाजों में गिने जाते हैं। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 111 टेस्ट और 322 वनडे मैच खेले। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 355 विकेट हैं, जबकि वनडे में उन्होंने 400 विकेट हासिल किए।
वास ने 1996 में श्रीलंका की वनडे विश्व कप जीत में भी अहम भूमिका निभाई थी। साल 2001 में जिम्बाब्वे के खिलाफ एक वनडे मैच में उन्होंने सिर्फ 19 रन देकर 8 विकेट लिए थे। यह वनडे क्रिकेट में अब तक का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। इसके अलावा, 2003 वनडे विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ वास ने मैच के पहले ही ओवर की शुरुआती तीन गेंदों पर तीन विकेट लेकर हैट्रिक पूरी की थी। वनडे क्रिकेट में यह रिकॉर्ड आज भी खास माना जाता है।
आईपीएल में दूसरी पारी शुरू करेंगे वास
चामिंडा वास पहले भी आईपीएल का हिस्सा रह चुके हैं। वह 2008 से 2010 तक डेक्कन चार्जर्स की टीम के लिए खेले थे। इस दौरान उन्होंने 13 मैचों में 18 विकेट लिए और उनकी इकॉनमी रेट 7.55 रही।
अब करीब 17 साल बाद वह आईपीएल में वापसी करेंगे, लेकिन इस बार खिलाड़ी के तौर पर नहीं, बल्कि गेंदबाजी कोच की भूमिका में नजर आएंगे। उनका अनुभव दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाजों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।
दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ में बदलाव
दिल्ली कैपिटल्स ने पिछले दो निराशाजनक सीजन के बाद अपने कोचिंग स्टाफ में बदलाव करने का फैसला किया है। अगले सीजन में सौरव गांगुली टीम के हेड कोच की भूमिका निभाएंगे, जबकि युवराज सिंह को असिस्टेंट और बैटिंग कोच बनाया गया है।
वहीं, पूर्व भारतीय स्पिनर अमित मिश्रा के स्पिन बॉलिंग कोच बनने की भी खबरें सामने आई हैं। हालांकि, फ्रेंचाइजी की ओर से उनकी नियुक्ति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। नए कोचिंग स्टाफ के साथ दिल्ली कैपिटल्स की कोशिश आईपीएल 2027 में बेहतर प्रदर्शन करने की होगी। चामिंडा वास जैसे अनुभवी गेंदबाज के जुड़ने से टीम की गेंदबाजी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

