आंध्र प्रदेश में माओवादियों पर बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में सात नक्सली ढेर

आंध्र प्रदेश में खूंखार माओवादी माड़वी हिड़मा के मारे जाने के ठीक एक दिन बाद भी सुरक्षाबलों की कड़ी कार्रवाई जारी रही। बुधवार को राज्य के मारेदुमिल्ली इलाके में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में सात नक्सली ढेर हो गए। आंध्र प्रदेश खुफिया विभाग के एडीजी महेश चंद्र लड्ढा ने बताया कि मारे गए माओवादियों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं और सभी की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस ने पुष्टि की है कि मरने वालों में मेतुरी जोखा राव उर्फ टेक शंकर भी शामिल है। श्रीकाकुलम निवासी शंकर आंध्र-ओडिशा सीमा क्षेत्र में संगठन की गतिविधियों को संभाल रहा था। वह तकनीकी मामलों का विशेषज्ञ था और हथियारों व संचार प्रणाली पर उसकी मजबूत पकड़ थी। अधिकारियों के अनुसार, यह मुठभेड़ सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई। शंकर पिछले 20 साल से माओवादी गतिविधियों में सक्रिय था और सुरक्षा अभियानों के दौरान लगातार ठिकाने बदलता रहता था। अनुमान है कि संगठन को नया सहारा देने के लिए वह दक्षिण भारत के इस क्षेत्र में सक्रिय हुआ था।
इसी अभियान के दौरान आंध्र प्रदेश पुलिस ने राज्य के विभिन्न जिलों—कृष्णा, एलुरु, एनटीआर विजयवाड़ा, काकिनाड़ा और डॉ. बी.आर. आंबेडकर कोणासीमा—से करीब 50 भाकपा (माओवादी) कार्यकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों में वरिष्ठ माओवादी, तकनीकी विशेषज्ञ, सशस्त्र प्लाटून के सदस्य और संगठन से जुड़े अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं। ये सभी माड़वी हिड़मा के नेटवर्क से प्रत्यक्ष रूप से जुड़े थे, जिससे संगठन के दक्षिण बस्तर और दंडकारण्य तंत्र पर बड़ा असर पड़ा है।
गौरतलब है कि मंगलवार को छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश सीमा पर सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली माड़वी हिड़मा को ढेर कर दिया गया था। इस कार्रवाई में हिड़मा, उसकी पत्नी राजे उर्फ रजक्का सहित कुल छह नक्सली मारे गए थे। मौके से दो एके-47 राइफल, गोला-बारूद व अन्य सामान बरामद हुआ था।
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में जन्मा माड़वी हिड़मा 16 साल की उम्र में ही नक्सली संगठन से जुड़ गया था। कई बड़े हमलों का मास्टरमाइंड और एक करोड़ रुपये का वांछित नक्सली हिड़मा, माओवादियों की सबसे खतरनाक सैन्य टुकड़ी कहे जाने वाली बटालियन नंबर 1 का कमांडर था। वर्षों तक वह सुरक्षा बलों को चकमा देता रहा था।
आंध्र प्रदेश में लगातार हो रही कार्रवाई से सुरक्षाबलों ने नक्सली नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है, जिससे संगठन की गतिविधियों पर गंभीर असर पड़ने की उम्मीद है।





