भिवाड़ी में बड़ा हादसा, 7 मजदूरों की मौत से हड़कंप

भिवाड़ी: भिवाड़ी की सुबह डरावनी रही क्योंकि यहां स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया. इस हादसे में करीब 7 मजदूरों की मौत की खबर है.
दरअसल यह हादसा सोमवार सुबह खुशखेड़ा-करौली इंडस्ट्रियल एरिया में हुई. उस समय फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे. आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई. आग की चपेट में आने से 7 मजदूरों की जिंदा जलने से मौत हो गई है. उनके शव बाहर निकाल लिए गए हैं, जबकि 2 मजदूर अब भी फैक्ट्री के अंदर फंसे बताए जा रहे हैं.
एडीएम सुमिता मिश्रा के अनुसार, पुलिस को गश्त के दौरान फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली, जिसके तुरंत बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक 9 लोग अंदर फंसे हुए थे. इनमें से 7 के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि दो को निकालने के प्रयास जारी हैं.
खुशखेड़ा फायर स्टेशन और भिवाड़ी रीको फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.




