महाराष्ट्र FDA की बड़ी कार्रवाई, एक्सपायरी Frooti और Appy मिलने के बाद Parle Agro का लाइसेंस निलंबित
मुंबई में खाद्य सुरक्षा पर बड़ा एक्शन; चेंबूर गोदाम से 99,970 रुपये का एक्सपायर्ड सामान ज़ब्त, क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर भी शिकंजा।

महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले फूड ब्रांड्स और प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ताजा मामले में, FDA ने मशहूर बेवरेज कंपनी Parle Agro का लाइसेंस निलंबित (Suspend) कर दिया है।
चेंबूर गोदाम में मिला था एक्सपायर्ड सामान
FDA की टीम ने मुंबई के चेंबूर नाका के पास स्थित वेलोसिटी एक्सप्रेस वेयरहाउस (Velocity Express Warehouse) और Parle Agro के चेंबूर गोदाम पर छापेमारी की। जांच के दौरान अधिकारियों को फ्रूटी (Frooti), अप्पी (Appy) और एप्पल फ़िज़ (Apple Fizz) का एक्सपायरी स्टॉक मिला। गोदाम से कुल 99,970 रुपये का एक्सपायर्ड सामान ज़ब्त किया गया है।
क्विक-कॉमर्स कंपनियों पर भी FDA की पैनी नजर
यह कार्रवाई महाराष्ट्र FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में चलाए जा रहे व्यापक राज्यव्यापी अभियान का हिस्सा है। इस विशेष अभियान के तहत होटल, ढाबे, बेकरी और ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स की लगातार जांच की जा रही है।
हाल ही में FDA ने Blinkit, Zepto और Instamart जैसे प्रमुख क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के आउटलेट्स पर भी छापेमारी की थी। जांच के दौरान कई गोदामों में कॉकरोच, चूहे, एक्सपायरी चिकन और भारी गंदगी पाई गई थी, जिसके बाद कई आउटलेट्स के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए थे। FDA की इस सख्त कार्रवाई से खाद्य कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।





