बिहार के आरा में टला बड़ा रेल हादसा, सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस के दो पहिए पटरी से उतरे

बिहार के आरा रेलवे स्टेशन के पास रविवार सुबह सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस (Train No. 15483) के दो पहिया पटरी से उतर गए। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और एक बड़ा रेल हादसा टल गया।
कैसे हुआ यह हादसा?
यह घटना रविवार सुबह करीब 4:10 बजे की है। दिल्ली जाने वाली महानंदा एक्सप्रेस आरा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 से रवाना हुई थी। जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म से आगे बढ़ी, एक तेज आवाज आई और जोरदार झटका महसूस हुआ।
आरा स्टेशन के प्रबंधक एनके राय ने बताया कि ट्रेन के पहिए प्लेटफॉर्म नंबर 2 को पार करने के तुरंत बाद, एक एसी कोच और जनरल डिब्बे के पास पटरी से उतरे। उस समय ट्रेन की गति कम थी, जिसके कारण एक बड़ा हादसा होने से बच गया। अचानक हुए झटके से सो रहे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कोच में कुछ देर के लिए डर का माहौल बन गया था।
ट्रेन सेवाएं प्रभावित और जांच शुरू
इस दुर्घटना के कारण अप लाइन पर रेल यातायात लगभग ढाई से तीन घंटे तक बाधित रहा। सूचना मिलते ही दानापुर रेलवे डिवीजन के अतिरिक्त डिवीजनल रेलवे मैनेजर (ADRM) राजीव कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
रेलवे की तकनीकी टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। प्रभावित पहियों को वापस पटरी पर लाने और यातायात को सुचारू बनाने के प्रयास किए गए। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। रेलवे अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं कि यह तकनीकी खराबी ट्रैक की वजह से थी या ट्रेन में किसी अन्य समस्या के कारण हुई।





