Hindi Newsportal

अतरौली पहुंचा पूर्व CM कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर, गृहमंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि; 5 बजे यहाँ होगा अंतिम संस्कार

0 749

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान-हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का आज बुलंदशहर जिले के नरौरा स्थित राजघाट पर अंतिम संस्कार होगा। उनका पार्थिव देह अलीगढ़ के अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम से अतरौली के PWD गेस्ट हाउस पहुंच चुका है।

यहां गृह मंत्री अमित शाह, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह, प्रहलाद पटेल, BJP के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह समेत कई बड़ी हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

बाबू जी ने पूरा जीवन गरीब और पिछड़ों के लिए लगा दिया- शाह।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘आज मैं यहां कल्याण सिंह जी के अंतिम दर्शन के लिए आया हूं। उनका जाना भारतीय जनता पार्टी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। भाजपा ने एक दिग्गज नेता खोया है। देशभर में दबे, कुचले, पिछड़ों ने अपना एक अच्छा नेता गंवाया है। राम मंदिर आंदोलन में कल्याण सिंह जी बड़े नेता रहे। आंदोलन के लिए सत्ता त्याग करने के लिए तनिक भी नहीं सोचा। जब राम मंदिर का शिलान्यास हुआ उसी दिन मेरी बाबू जी से बात हुई थी। बड़े हर्ष और संतोष के साथ बताते थे कि मेरा सपना पूरा हुआ। उनका पूरा जीवन उत्तर प्रदेश के गरीब, पिछड़ों के लिए समर्पित रहा।

एक लाख से अधिक लोगों के आने की संभावना।

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के अंतिम संस्कार में एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसके लिए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।

कल्याण सिंह के नाम पर होगी राम जन्मभूमि की सड़क।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को घोषणा की कि अयोध्या में राम जन्मभूमि की ओर जाने वाली एक सड़क का नाम पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाम पर रखा जाएगा। इसके अलावा लखनऊ, प्रयागराज, बुलंदशहर और अलीगढ़ में भी एक एक सड़क का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा।

अंतिम सफर में एक हजार से ज्यादा गाड़ियों का काफिला।

पूर्व CM के अंतिम सफर में एक हजार से ज्यादा गाड़ियों का काफिला शामिल है। अतरौली में करीब दो घंटे तक उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर नरौरा गंगा घाट पर पहुंचेगा, जहां शाम 5 बजे के करीब उनका अंतिम संस्कार होगा। पूर्व सीएम को आखिरी बार देखने और श्रद्धांजलि देने के लिए अलीगढ़ की सड़कों पर भी लोगों की भीड़ जुटी रही है।

बता दे भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता, राजस्थान के पूर्व राज्यपाल और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को निधन हो गया था। 89 वर्षीय कल्याण सिंह की तबीयत पिछले कई दिनों से खराब थी, जिसकी वजह से उन्हें लखनऊ के संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में भर्ती कराया गया था। बीते कुछ दिनों में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा के कई बड़े नेता कल्याण सिहं का हालचाल जानने पहुंचे थे।

Click here for Latest News updates and viral videos on our AI-powered smart news

For viral videos and Latest trends subscribe to NewsMobile YouTube Channel and Follow us on Instagram