भारत

कोलकाता हादसा: आग की लपटों में 2 बच्चे समेत 14 लोगों की मौत

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के फलपट्टी मछुआ इलाके में मंगलवार रात एक होटल में भीषण आग लगने की घटना सामने आई, जिसमें 14 लोगों की जान चली गई। कोलकाता पुलिस आयुक्त मनोज कुमार वर्मा ने जानकारी दी कि आग रात करीब 8:15 बजे ऋतुराज होटल परिसर में लगी। बचाव अभियान के दौरान अब तक 14 शव बरामद किए गए हैं और कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।

पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त होटल में करीब 60 लोग मौजूद थे। मृतकों में 11 पुरुष, एक महिला और दो बच्चे शामिल हैं। अब तक आठ शवों की पहचान हो चुकी है। इस हादसे में 13 लोग घायल हुए थे, जिनमें से 12 को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि एक व्यक्ति का इलाज जारी है।

यह हादसा पूर्वी भारत के सबसे बड़े थोक बाजार बड़ाबाजार के नजदीक हुआ, जो आमतौर पर बेहद भीड़भाड़ वाला इलाका है। आपातकालीन सेवाओं को राहत एवं बचाव कार्य में खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। आग बुझाने के लिए दस दमकल गाड़ियों को तैनात किया गया था। आग लगते ही कई लोगों ने जान बचाने के लिए खिड़कियों और संकरी गलियों से भागने की कोशिश की। पुलिस आयुक्त ने बताया कि घटना की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है।

इस हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने राज्य सरकार से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने की अपील की। उन्होंने कहा, “मैं राज्य प्रशासन से आग्रह करता हूं कि प्रभावितों को तुरंत मदद और सुरक्षा प्रदान की जाए। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अग्नि सुरक्षा उपायों की कड़ी समीक्षा और निगरानी की जाए।” साथ ही मरने वाले लोगों के परिवार को 2 लाख और घायलों को 50 हजार की राशि मुआवजे के रूप में दी जाएगी

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button