मनोरंजन

करूर भगदड़ मामला: सीबीआई के सामने पेश हुए थलापति विजय, 6 घंटे चली पूछताछ

साउथ सिनेमा के मशहूर अभिनेता थलापति विजय इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘जन नायकन’ को लेकर चर्चा में हैं, लेकिन इसी बीच करूर भगदड़ मामले ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस मामले में पूछताछ के लिए विजय सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय पहुंचे। करीब 6 घंटे तक चली पूछताछ के बाद वह शाम लगभग 6:15 बजे बाहर निकले। अधिकारियों के अनुसार, जरूरत पड़ने पर विजय को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।

पीटीआई के मुताबिक, 12 जनवरी को थलापति विजय सीबीआई के दिल्ली मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्हें जांच टीम के सामने पेश किया गया। उनसे करूर भगदड़ मामले को लेकर सवाल-जवाब किए गए। यह घटना 27 सितंबर 2025 को तमिलनाडु के करूर में हुई थी, जब विजय की पार्टी टीवीके (TVK) की एक जनसभा के दौरान अचानक भगदड़ मच गई थी। इस हादसे में कम से कम 41 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 110 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।

सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में विजय की पार्टी टीवीके के कई पदाधिकारियों से भी पूछताछ की जा चुकी है। एजेंसी आज की पूछताछ के बाद जल्द ही चार्जशीट दाखिल कर सकती है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर सीबीआई ने एक विशेष जांच टीम (SIT/AIT) गठित कर इस मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। फिलहाल एजेंसी सबूत जुटाने की प्रक्रिया में लगी हुई है।

विजय के सीबीआई के सामने पेश होने को लेकर डीएमके नेता सरवनन अन्नादुरई ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि जब घटना करूर में हुई और एफआईआर भी वहीं दर्ज है, तो लोगों को दिल्ली क्यों बुलाया जा रहा है। उन्होंने इसे आपराधिक कानून के खिलाफ बताते हुए कहा कि जब चेन्नई में ही सीबीआई के कार्यालय मौजूद हैं, तो जांच वहीं क्यों नहीं की जा रही।

करूर भगदड़ के अगले दिन थलापति विजय ने सोशल मीडिया के जरिए घटना पर दुख जताया था और मृतकों के परिवारों से माफी भी मांगी थी। उन्होंने पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की थी। हालांकि, इसके बावजूद सोशल मीडिया पर उनकी कड़ी आलोचना हुई थी और कई लोगों ने इस हादसे के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया था।

फिलहाल करूर भगदड़ मामले में सीबीआई की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button