कार्तिक आर्यन की नई फिल्म का ऐलान, कबीर खान के साथ फिर जमेगी जोड़ी

नेशनल अवॉर्ड जीत चुके अभिनेता कार्तिक आर्यन और निर्देशक कबीर खान एक बार फिर साथ काम करने जा रहे हैं। ‘चंदू चैंपियन’ के बाद दोनों की नई फिल्म का नाम ‘लड़ाकू’ रखा गया है। मेकर्स ने फिल्म के टाइटल के साथ इसकी रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। यह फिल्म 18 जून, 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
खास बात यह है कि इस फिल्म के साथ कार्तिक आर्यन बतौर निर्माता भी अपनी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। वह फिल्म में अभिनय करने के साथ-साथ इसके प्रोडक्शन से भी जुड़े होंगे। बुधवार को बिड़ला स्टूडियोज ने फिल्म की वर्ल्डवाइड थिएट्रिकल रिलीज डेट की घोषणा की। फिल्म का निर्माण बिड़ला स्टूडियोज और कबीर खान एंटरटेनमेंट मिलकर कर रहे हैं। वहीं, डोपामाइन स्टूडियोज के साथ कार्तिक आर्यन बतौर प्रोड्यूसर इस प्रोजेक्ट का हिस्सा होंगे।
क्या होगी फिल्म ‘लड़ाकू’ की कहानी?
मेकर्स के मुताबिक, ‘लड़ाकू’ एक सच्ची घटना से प्रेरित कहानी है। फिल्म में ऐसे शख्स की जिंदगी दिखाई जाएगी, जो कुछ बड़ा करने का सपना देखता है और अपने इरादों को पूरा करने के लिए हर मुश्किल का सामना करने का हौसला रखता है। इसे एक इंस्पिरेशनल और दिल को छू लेने वाली कहानी बताया जा रहा है। फिल्म को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि परिवार के सभी लोग इसे साथ बैठकर देख सकें।
‘चंदू चैंपियन’ के बाद फिर साथ आए कार्तिक और कबीर
कार्तिक आर्यन और कबीर खान इससे पहले फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ में साथ काम कर चुके हैं। यह फिल्म भारत के पहले पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट मुरलीकांत पेटकर की जिंदगी पर आधारित थी। इस फिल्म में अपने अभिनय के लिए कार्तिक आर्यन को बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड मिला था। हालांकि, फिल्म को सिनेमाघरों में बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली, लेकिन समीक्षकों ने कार्तिक के अभिनय की जमकर तारीफ की। कई लोगों ने इसे उनके करियर की बेहतरीन फिल्मों में से एक बताया।
ओटीटी पर मिली ‘चंदू चैंपियन’ को लोकप्रियता
सिनेमाघरों में रिलीज के बाद जब ‘चंदू चैंपियन’ ओटीटी पर आई, तो इसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला। फिल्म का बजट करीब 80 करोड़ रुपये बताया गया था, जबकि इसने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 88 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। अब कार्तिक और कबीर की जोड़ी ‘लड़ाकू’ के जरिए एक बार फिर दर्शकों के सामने आने की तैयारी में है।




