गंगटोक में कार्तिक आर्यन की फिल्म की शूटिंग, BTS वीडियो वायरल

बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन इन दिनों गंगटोक में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री श्रीलीला नजर आएंगी। हाल ही में इस अनाम फिल्म का एक टीजर जारी किया गया था, जिसके बाद अब सोशल मीडिया पर फिल्म के कुछ बिहाइंड द सीन (BTS) वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन वीडियोज में कार्तिक को एक रॉकस्टार अवतार में मंच पर परफॉर्म करते देखा जा सकता है।
एक वायरल वीडियो में कार्तिक आर्यन गिटार बजाते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि बैकग्राउंड में ‘आशिकी’ (1990) का लोकप्रिय गाना ‘तू मेरी जिंदगी है’ का नया वर्जन बज रहा है। कार्तिक इस गाने पर लिप-सिंक करते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि श्रीलीला उनके पीछे गिटार पकड़े खड़ी दिख रही हैं। इस सीन को देखकर फैंस अंदाजा लगा रहे हैं कि श्रीलीला फिल्म में उनके म्यूजिक बैंड का हिस्सा हो सकती हैं। वहीं, निर्देशक अनुराग बसु को बैकग्राउंड में माइक्रोफोन पकड़े हुए और भीड़ को संकेत देते हुए देखा जा सकता है।
Anurag Basu shooting with Kartik Aaryan in Gangtok #KartikAaryan #Aashiqui3 pic.twitter.com/TiksO2cjvH
— Redditbollywood (@redditbollywood) March 31, 2025
एक अन्य वायरल क्लिप ने फैंस को हैरान कर दिया है। इस वीडियो में कार्तिक अचानक एक व्यक्ति को गिटार से कई बार मारते हुए नजर आते हैं। वह उसे धक्का देते हैं और फिर खुद मंच से कूद जाते हैं। इस सीन ने प्रशंसकों को इम्तियाज अली की फिल्म ‘रॉकस्टार’ में रणबीर कपूर के किरदार की याद दिला दी है।
फिल्म की कहानी और किरदारों को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन वायरल वीडियो ने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।





