AI से बने अश्लील कंटेंट के खिलाफ कंगना रनौत पहुंचीं दिल्ली हाईकोर्ट, कोर्ट ने जारी किया समन - News Mobile
भारत

AI से बने अश्लील कंटेंट के खिलाफ कंगना रनौत पहुंचीं दिल्ली हाईकोर्ट, कोर्ट ने जारी किया समन

एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने इंटरनेट पर उनके बारे में मौजूद कथित अश्लील और AI से बनाए गए कंटेंट को हटाने की मांग को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है। कंगना का आरोप है कि इस तरह के कंटेंट से उनकी छवि खराब हो रही है और उनके व्यक्तित्व से जुड़े अधिकारों का उल्लंघन हो रहा है।

कंगना ने गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की। सुनवाई के दौरान उनके वकील ने कहा कि इंटरनेट पर कंगना से जुड़ा अश्लील और पोर्नोग्राफिक कंटेंट मौजूद है। इसके अलावा कुछ फर्जी खबरें और AI से तैयार की गई ऐसी सामग्री भी है, जिसमें कंगना के नाम से ऐसे बयान जोड़े गए हैं जो उन्होंने कभी नहीं दिए।

कंगना की कानूनी टीम ने साफ किया कि वह फिलहाल केवल अश्लील और कथित तौर पर फर्जी ऑनलाइन कंटेंट के खिलाफ कार्रवाई चाहती हैं। वकील ने कहा कि कंगना को लेकर कई मीम्स और व्यंग्यात्मक कंटेंट भी मौजूद हैं, लेकिन इस चरण में उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग नहीं की जा रही है।

कोर्ट ने जारी किया समन

कंगना की याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस विकास महाजन ने मामले में संबंधित पक्षों को समन जारी किया है। कोर्ट ने संकेत दिया कि इस मामले में अंतरिम आदेश भी पारित किया जाएगा।

इसी सुनवाई के दौरान कोर्ट ने तेलुगु अभिनेता विजय देवरकोंडा की ओर से दायर एक अलग पर्सनैलिटी राइट्स मामले में भी समन जारी किया। विजय की ओर से आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग उनकी पहचान और व्यक्तित्व का बिना अनुमति व्यावसायिक इस्तेमाल कर रहे हैं। इसमें उनके नाम और छवि से जुड़े मर्चेंडाइज की बिक्री भी शामिल है। उनकी टीम ने AI से बनाए गए सोशल मीडिया पोस्ट, फर्जी पहचान, गलत एंडोर्समेंट और आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया है।

कई सेलेब्स ले चुके हैं कोर्ट की शरण

कंगना पहली सेलिब्रिटी नहीं हैं, जिन्होंने अपने पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए कोर्ट का रुख किया है। पिछले कुछ महीनों में कई मशहूर हस्तियों ने AI जनरेटेड कंटेंट और अपनी पहचान के गलत इस्तेमाल के खिलाफ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

इनमें ऐश्वर्या राय बच्चन, अभिषेक बच्चन, सलमान खान और अभिनेता-आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण शामिल हैं। इसके अलावा आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर, पॉडकास्टर राज शमानी और क्रिकेटर अभिषेक शर्मा भी अपने पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए कोर्ट पहुंच चुके हैं। हाईकोर्ट ने इन सभी मामलों में अंतरिम राहत दी थी।

हाल ही में इस फिल्म में नजर आई थीं कंगना

वर्कफ्रंट की बात करें तो कंगना रनौत आखिरी बार फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ में नजर आई थीं। यह फिल्म जून में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। मनोज तपाड़िया के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के दौरान कामा अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा करने वाले डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल कर्मचारियों की बहादुरी से प्रेरित है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button