पत्रकार प्रदीप सरदाना ने पूरे किए पत्रकारिता के 50 साल, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दी शुभकामनाएं

देश के जाने-माने पत्रकार, लेखक और कवि प्रदीप सरदाना ने अपनी पत्रकारिता यात्रा के 50 शानदार साल पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके पर उन्हें देश के कई प्रमुख नेताओं, कलाकारों और साहित्यकारों ने बधाई दी है। बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान खुद दिल्ली में स्थित प्रदीप सरदाना के घर पहुंचे और उन्हें स्वर्ण जयंती की शुभकामनाएं दीं।
हाल ही में दिल्ली में ‘आधारशिला’ नामक संस्था द्वारा प्रदीप सरदाना की पत्रकारिता के 50 वर्षों के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, पूर्व मंत्री मीनाक्षी लेखी, सांसद मनोज तिवारी, प्रतिष्ठित कलाकार प्रतिभा आडवाणी, प्रख्यात नृत्यांगना पद्मविभूषण सोनल मानसिंह और वरिष्ठ लेखिका-पत्रकार पद्मश्री शीला झुनझुनवाला जैसे कई दिग्गज शामिल हुए।
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, “प्रदीप सरदाना जैसे पत्रकार बहुत कम होते हैं जो 50 साल तक बिना सिद्धांतों से समझौता किए काम करते हैं। वे राजनीति, स्वास्थ्य, संस्कृति, साहित्य, कला और सिनेमा जैसे हर विषय पर लगातार लिखते रहे हैं। जैसे कोई मजबूत पेड़ हर तूफान में खड़ा रहता है, वैसे ही सरदाना जी हर परिस्थिति में अडिग रहे। मैं उन्हें नमन करता हूं।”
केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि सरदाना जी ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल सभी माध्यमों में काम किया है। उन्होंने मात्र 14 साल की उम्र में पत्रकारिता शुरू की थी और 17 साल की उम्र में देश के सबसे युवा संपादक बने थे। वे सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक कवि, रचनात्मक लेखक, निर्माता, निर्देशक और टीवी प्रस्तोता भी हैं।
सांसद मनोज तिवारी ने कहा, “इतनी बड़ी-बड़ी हस्तियों का एक जगह आना खुद यह साबित करता है कि सरदाना जी की पहुंच कितनी व्यापक है। उनके लेखन का प्रभाव बहुत गहरा है।” वहीं नृत्यांगना सोनल मानसिंह ने कहा, “प्रदीप सरदाना बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं, जो 50 वर्षों से साहित्य और पत्रकारिता में अनमोल योगदान दे रहे हैं।” समारोह में गूगल एशिया के अध्यक्ष संजय गुप्ता, फिल्म अभिनेत्री मुमताज, अभिनेता अनुपम खेर, ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के दिलिप जोशी, भजन सम्राट अनूप जलोटा, गायक उदित नारायण, सुखविंदर सिंह, हास्य कवि सुरेंद्र शर्मा और फिल्म अभिनेता-निर्माता धीरेज कुमार जैसे नामचीन लोगों के वीडियो संदेश भी दिखाए गए।
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान समारोह में व्यस्तताओं के चलते नहीं पहुंच पाए, लेकिन उन्होंने बाद में खुद प्रदीप सरदाना के पूर्वी दिल्ली स्थित घर जाकर उन्हें बधाई दी और सम्मानित किया। उन्होंने कहा, “मैं प्रदीप सरदाना जी को 50 वर्षों की शानदार पत्रकारिता यात्रा पर हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। वे हमेशा स्वस्थ रहें और आगे भी समाज और देश को जागरूक करते रहें।”
इस मौके पर प्रदीप सरदाना ने कहा, “राज्यपाल महोदय का मेरे घर आना मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है। यह उनके सरल स्वभाव और साहित्य, पत्रकारिता से जुड़ी भावनाओं को दर्शाता है। उनकी यह आत्मीयता मेरे लिए नई ऊर्जा का स्रोत बनी है। मैं हमेशा उनका आभारी रहूंगा।” प्रदीप सरदाना का यह स्वर्ण जयंती वर्ष न केवल उनकी उपलब्धियों का प्रतीक है, बल्कि भारतीय पत्रकारिता में एक प्रेरणास्रोत की तरह देखा जा रहा है।





