IPL 2026 के पहले चरण का शेड्यूल जारी, 28 मार्च को होगा टूर्नामेंट का आगाज़

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पहले चरण का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 28 मार्च को खेला जाएगा, जिसमें मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। यह मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।
पहले चरण में होंगे 20 मैच
जारी किए गए शेड्यूल में टूर्नामेंट के पहले 20 मैचों की जानकारी दी गई है, जो 12 अप्रैल तक खेले जाएंगे। मुंबई इंडियंस अपनी शुरुआत 29 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।
CSK का पहला मैच राजस्थान से
चेन्नई सुपर किंग्स अपना पहला मैच 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलेगी। यह मुकाबला असम के गुवाहाटी में होगा। इसके अलावा अन्य मुकाबलों में पंजाब किंग्स 31 मार्च को गुजरात टाइटन्स की मेजबानी करेगा, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स अपने घरेलू मैदान पर दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी।
पहले तीन वीकेंड में डबल हेडर
टूर्नामेंट के पहले तीन वीकेंड में चार डबल हेडर मैच रखे गए हैं। 5 अप्रैल को बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच बड़ा मुकाबला खेला जाएगा। उसी दिन दोपहर के मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा।
10 शहरों में होंगे मुकाबले
पहले चरण के मैच देश के 10 शहरों में खेले जाएंगे, जिनमें कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद और दिल्ली जैसे बड़े शहर शामिल हैं। आईपीएल के आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट के दूसरे चरण का शेड्यूल बाद में जारी किया जाएगा। वहीं पहले चरण के मैचों के लिए टिकटों की बिक्री जल्द ही आधिकारिक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए शुरू होगी।





