IPL 2026 ऑक्शन: कैमरन ग्रीन बने सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी

ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन IPL 2026 के ऑक्शन का सबसे बड़ा आकर्षण रहे। मंगलवार को अबू धाबी के एतिहाद एरीना में हुए ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उन्हें ₹25.20 करोड़ में खरीद लिया। इसके साथ ही ग्रीन IPL इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए।
26 वर्षीय कैमरन ग्रीन का बेस प्राइस ₹2 करोड़ था, लेकिन जोरदार बोली के चलते उनकी कीमत 12 गुना से भी ज्यादा बढ़ गई। ऑक्शन से पहले ग्रीन को बल्लेबाज के तौर पर लिस्ट किया गया था, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि यह उनके मैनेजर की गलती थी और वह IPL में गेंदबाजी भी करेंगे।
बोली की शुरुआत मुंबई इंडियंस ने की, हालांकि उनके पास सीमित बजट था। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स और फिर KKR बोली में शामिल हुए। जब कीमत ₹13.60 करोड़ तक पहुंची तो राजस्थान रॉयल्स पीछे हट गई, लेकिन तभी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने एंट्री ली।
इसके बाद CSK और KKR के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और बोली तेजी से ₹18 करोड़ के पार चली गई। आखिरकार KKR ने CSK को पीछे छोड़ते हुए ₹25.20 करोड़ की अंतिम बोली लगाकर कैमरन ग्रीन को अपने नाम कर लिया।
इस ऑक्शन में कैमरन ग्रीन के लिए कुल 117 बार बोली लगी, जो IPL ऑक्शन के इतिहास में किसी एक खिलाड़ी के लिए सबसे ज्यादा बोली मानी जा रही है।





