इंडिगो की उड़ानें हुईं महंगी, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर बढ़ा फ्यूल चार्ज, जानिए नई दरें

हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। विमानन कंपनी इंडिगो (IndoGo) ने अपनी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल चार्ज (Fuel Surcharge) बढ़ा दिया है। एटीएफ (ATF) यानी विमान ईंधन की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के चलते एयरलाइन ने यह कदम उठाया है। अप्रैल के बाद यह दूसरा मौका है जब कंपनी ने फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया है।
घरेलू उड़ानों पर कितना महंगा हुआ सफर?
घरेलू उड़ानों में दूरी के हिसाब से फ्यूल चार्ज में 100 रुपये से लेकर 350 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।
-
500 किलोमीटर तक की दूरी के रूटों के लिए फ्यूल चार्ज 375 रुपये होगा।
-
501 से 1,000 किलोमीटर की दूरी वाली उड़ानों के लिए यह 600 रुपये तय किया गया है।
-
1,001 से 1,500 किलोमीटर की दूरी के लिए यह चार्ज 900 रुपये होगा।
-
1,501 से 2,000 किलोमीटर की दूरी के लिए यात्रियों को 1,150 रुपये चुकाने होंगे।
-
2,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी वाली उड़ानों के लिए फ्यूल चार्ज 1,300 रुपये होगा।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी असर
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए भी फ्यूल चार्ज में संशोधन किया गया है। सार्क (SAARC) क्षेत्र की उड़ानों के लिए यह चार्ज 1,000 रुपये से 3,000 रुपये के बीच है। वहीं, अफ्रीका की उड़ानों के लिए 6,000 रुपये और यूरोप की सेवाओं के लिए 10,000 रुपये का फ्यूल चार्ज तय किया गया है। दक्षिण-पूर्व एशिया, जीसीसी (GCC), मध्य पूर्व, और उत्तर व पूर्व एशिया की उड़ानों के लिए यह चार्ज 5,500 रुपये होगा।
क्यों बढ़ाई गईं कीमतें?
इंडिगो के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में मिडिल ईस्ट के भू-राजनीतिक हालात और अन्य कारणों से एटीएफ की कीमतें काफी अस्थिर रही हैं। पिछले महीने ईंधन की कीमतों में 14 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे एटीएफ की लागत पिछले एक दशक के सबसे उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। एयरलाइन का कहना है कि कुल ऑपरेटिंग लागत में फ्यूल का हिस्सा सबसे बड़ा होता है, इसलिए यह मामूली समायोजन करना जरूरी हो गया था।





