ऑपरेशनल दिक्कतों पर इंडिगो की सफाई, FDTL छूट के साथ 10 फरवरी 2026 तक सुधार का आश्वासन

देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो इन दिनों लगातार ऑपरेशनल दिक्कतों और ज्यादा संख्या में उड़ानें रद्द होने की समस्या से जूझ रही है। इसी बीच एयरलाइन ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) से अपने A320 विमान बेड़े के लिए कुछ Flight Duty Time Limitations (FDTL) नियमों में अस्थायी छूट मांगी है। DGCA के बयान के अनुसार, इंडिगो ने यह राहत 10 फरवरी 2026 तक मांगी है और आश्वासन दिया है कि इस तारीख तक उसकी उड़ान सेवाएं पूरी तरह स्थिर हो जाएंगी।
फिलहाल इंडिगो प्रतिदिन 170 से 200 तक उड़ानें रद्द कर रही है, जो सामान्य के मुकाबले काफी ज्यादा है। DGCA के अनुसार, इस स्थिति के पीछे कई कारण हैं, जिनमें नए FDTL नियमों के लागू होने के बाद ट्रांजिशन में आई दिक्कतें, क्रू प्लानिंग में कमी और सर्दियों के मौसम का असर शामिल हैं। थकान-प्रबंधन से जुड़े ये नए नियम कोर्ट के निर्देश पर दो चरणों में लागू किए गए थे, जिनकी शुरुआत 1 जुलाई और 1 नवंबर 2025 से हुई।
उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में इंडिगो ने स्वीकार किया कि उसने नए नियमों के हिसाब से क्रू की जरूरत का सही अनुमान नहीं लगाया था। खासकर रात की उड़ानों के लिए जरूरत पड़ने वाली टीम की संख्या कम पड़ गई, क्योंकि अधिकतर स्लॉट अब रात में उपलब्ध हैं। इसी वजह से कई उड़ानें संचालित नहीं हो पा रही हैं और कैंसिलेशन की संख्या बढ़ती जा रही है। DGCA की दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 सहित कई जगहों पर की गई जांच में यह भी सामने आया कि यात्री संभालने के लिए पर्याप्त ग्राउंड स्टाफ मौजूद नहीं है, जिससे काउंटरों पर भीड़ बढ़ने लगी। इस पर DGCA ने एयरलाइन को तुरंत अतिरिक्त ग्राउंड स्टाफ तैनात करने का निर्देश दिया है, ताकि यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
नियामक ने इंडिगो से विस्तृत एक्शन प्लान जमा करने को कहा है जिसमें क्रू भर्ती और ट्रेनिंग, रोस्टर में बदलाव, सुरक्षा जोखिम को कम करने के उपाय, ऑपरेशन स्थिर करने के कदम और उड़ानें रद्द होने की संख्या कम करने की रणनीति शामिल होगी। DGCA ने एयरलाइन से यह भी स्पष्ट करने को कहा है कि उसे किस प्रकार की FDTL छूट चाहिए, ताकि उसका मूल्यांकन किया जा सके। इंडिगो को हर 15 दिन में प्रगति रिपोर्ट जमा करने के लिए भी कहा गया है, जिसमें बताया जाएगा कि क्रू उपलब्धता और उड़ान संचालन में कितना सुधार हुआ।
इसी बीच इंडिगो ने यात्रियों और उद्योग से जुड़े लोगों से सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी है। एयरलाइन ने कहा कि वह स्थिति सुधारने के लिए लगातार कदम उठा रही है और जल्द ही उड़ान सेवाएं सामान्य होंगी।





