नामीबिया के खिलाफ भारत का दूसरा मुकाबला आज, लेकिन टीम इंडिया को लगा बड़ा झटका!

टी-20 वर्ल्ड कप में आज भारतीय क्रिकेट टीम नामीबिया के खिलाफ अपना दूसरा मैच खेलने के लिए तैयार है. पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने यूएसए को शिकस्त देकर शानदार शुरुआत की थी. अब भारत लगातार दूसरी जीत दर्ज करने की मंशा के साथ मैदान पर उतरेगी. लेकिन मैच से पहले टीम मैनेजमेंट के सामने चुनौतियां खड़ी हो गई हैं.
दरअसल, अभिषेक शर्मा की फिटनेस को लेकर चिंता बनी हुई है. वो पूरी तरह से फिट नहीं हैं और उनके खेलने का फैसला आज लिया जाएगा. अगर अभिषेक नहीं उतरते हैं तो संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है.
वहीं, तेज़ गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भी एक और मैच के लिए आराम दिया जा सकता है. यूएसए के खिलाफ मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह के शानदार प्रदर्शन के बाद यह फैसला लिया जा सकता है. हालांकि नेट्स में बुमराह ने ज़ोरदार गेंदबाजी की है.
लेकिन नेट्स प्रैक्टिस के दौरान एक बड़ी घटना हुई. बुमराह की एक तेज़ गेंद ईशान किशन के पैर में बेहद ज़ोर से जा लगी. दर्द इतना तेज़ था कि ईशान वहीं ज़मीन पर गिर पड़े और कराहने लगे. टीम के फिजियोथेरेपिस्ट ने तुरंत उनका इलाज शुरू किया. लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि ईशान पूरी तरह से फिट हैं या नहीं.
अगर अभिषेक शर्मा और ईशान किशन दोनों ही नामीबिया के खिलाफ नहीं उतरते हैं तो भारतीय टीम की ओपनिंग और मिडिल ऑर्डर बैटिंग पर गहरा असर पड़ेगा. ऐसी स्थिति में मुख्य कोच गौतम गंभीर को प्लेइंग इलेवन में बड़े बदलाव करने होंगे.
हालांकि संजू सैमसन विकल्प के तौर पर मौजूद हैं, लेकिन दोनों खिलाड़ियों के बाहर रहने पर ओपनिंग का सवाल गंभीर चुनौती बन सकता है. कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि वाशिंगटन सुंदर को ओपनिंग के लिए तैयार किया जा रहा है.
देखना होगा कि आज के मैच से पहले टीम मैनेजमेंट क्या फैसला लेता है.
भारत की संभावित 11
संजू सैमसन, ईशान किशन/वाशिंगटन सुंदर, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह
नामिबिया संभावित 11
लोरेन स्टीनकैंप, जान फ्रिलिंक, जान निकोल लॉफ्टी-ईटन, गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), जेजे स्मिट, ज़ेन ग्रीन (विकेट कीपर), डायलन लीचर, रूबेन ट्रम्पेलमैन, विलेम मायबर्ग, बर्नार्ड शोल्ट्ज़, मैक्स हेइंगो




